Edited By Urmila,Updated: 13 Sep, 2026 11:48 AM

जालंधर की एक महिला डॉक्टर द्वारा फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों को लेकर किए गए दावों के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जालंधर/फगवाड़ा: जालंधर की एक महिला डॉक्टर द्वारा फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों को लेकर किए गए दावों के बाद मामला चर्चा में आ गया है। डॉक्टर मनदीप कौर ने सोशल मीडिया पर जारी पहली वीडियो में दावा किया कि उनके फर्टिलिटी सेंटर में यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ युवा अनचाही प्रेग्नेंसी के मामलों में इलाज या मेडिकल सलाह के लिए पहुंचते हैं। डॉक्टर ने अपने वीडियो में दावा किया कि कई बार उनके पास लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले कपल भी आते हैं। उन्होंने एक विदेशी छात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि वह अनचाही प्रेग्नेंसी के चलते उनके पास आई थी और मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) से जुड़ी दवा लेने के बाद फॉलोअप के लिए दोबारा सेंटर पहुंची थी।
विदेशी छात्रा की चिट्ठी का भी किया जिक्र
डॉ. मनदीप कौर ने अपने वीडियो में एक विदेशी युवती से जुड़े कथित मामले का जिक्र करते हुए कहा कि गर्भपात से पहले या बाद में युवती ने अपने अजन्मे बच्चे के नाम एक भावुक चिट्ठी लिखी थी। डॉक्टर के मुताबिक, युवती ने अपनी परिस्थितियों का हवाला देते हुए गर्भ जारी न रख पाने की बात लिखी थी। डॉक्टर ने इसी घटना का हवाला देते हुए युवाओं को अनचाही प्रेग्नेंसी से बचने और सुरक्षित यौन व्यवहार को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के गर्भपात से जुड़ी दवाओं का इस्तेमाल जोखिम भरा हो सकता है।
दूसरे वीडियो में LPU का नाम लेने पर दी सफाई
पहले वीडियो में LPU का नाम लिए जाने के बाद जब सोशल मीडिया पर सवाल उठे तो डॉ. मनदीप कौर ने एक और वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यूनिवर्सिटी को बदनाम करना नहीं था, बल्कि युवाओं को जागरूक करना था। उन्होंने दावा किया कि जालंधर के कई डॉक्टरों के पास LPU के छात्र अनचाही प्रेग्नेंसी या मिसकैरेज से जुड़ी मेडिकल मदद के लिए पहुंचते हैं। डॉक्टर के अनुसार, LPU में बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थी पढ़ते हैं, इसलिए उनके सेंटर पर ऐसे मामले आने की बात कही गई।
24 सप्ताह की प्रेग्नेंसी का भी किया जिक्र
डॉक्टर ने एक अन्य मामले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि एक विदेशी महिला को लंबे समय तक पीरियड न आने के बावजूद अपनी प्रेग्नेंसी का पता नहीं चला और जब उसे जानकारी हुई तो गर्भ करीब 24 सप्ताह का हो चुका था। डॉक्टर के मुताबिक, इसके बाद महिला कई जगह मेडिकल सलाह के लिए गई, लेकिन गर्भ की अवधि अधिक होने के कारण डॉक्टरों ने मामले में प्रक्रिया करने से इनकार कर दिया।
LPU ने कहा- उच्च अधिकारियों को दी जानकारी
गौरतलब है कि फगवाड़ा स्थित LPU देश की प्रमुख निजी यूनिवर्सिटीज में शामिल है। यूनिवर्सिटी की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक यहां बड़ी संख्या में भारतीय और विदेशी विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर के सोशल मीडिया वीडियो सामने आने के बाद उनके दावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, डॉक्टर द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, डॉक्टर मनदीप कौर के अस्पताल से संपर्क करने पर रिसेप्शन की ओर से बताया गया कि डॉक्टर उस समय मौजूद नहीं थीं।
फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) पंजाब की प्रमुख निजी यूनिवर्सिटीज में शामिल है। इसकी शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी। यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल हैं, जो पंजाब से राज्यसभा सांसद भी हैं। LPU में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस, लॉ, फार्मेसी, एग्रीकल्चर और अन्य कई क्षेत्रों में उच्च शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। यूनिवर्सिटी में देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा विदेशों से आए विद्यार्थी भी पढ़ाई करते हैं।
वहीं, महिला डॉक्टर द्वारा LPU के छात्रों को लेकर किए गए दावों के बाद यह मामला चर्चा में आया है। फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। LPU प्रबंधन की ओर से भी कहा गया है कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है और आधिकारिक प्रतिक्रिया संबंधित स्तर से दी जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here