Edited By Kamini,Updated: 13 Aug, 2026 04:38 PM

स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
जालंधर (धवन): स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर सतिन्द्र सिंह ने शहर में किए गए सुरक्षा प्रबंधों की पुन: समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर के महत्वपूर्ण स्थानों, समारोह स्थलों, बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी केवल अधीनस्थ कर्मचारियों पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि शहर में लगाए गए विभिन्न पुलिस नाकों पर चेकिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि वनह स्वयं भी शहर में लगाए गए पुलिस नाकों और अन्य सुरक्षा प्वाइंटों का निरीक्षण कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उल्लेखनीय है कि पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने हाल ही में शहर का दौरा कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की रिपोर्ट ली तथा सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here