Edited By Kalash,Updated: 28 Sep, 2026 03:02 PM

जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शहरवासियों से अवैध हथियारों से पूरी तरह दूर रहने और किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।
जालंधर (धवन): जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शहरवासियों से अवैध हथियारों से पूरी तरह दूर रहने और किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की ओर से जारी जागरूकता संदेश में लोगों को चेतावनी दी गई है कि अवैध हथियार रखना, उन्हें साथ लेकर चलना, इस्तेमाल करना, बनाना या उनका कारोबार करना कानून के तहत गंभीर अपराध है।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद या आपराधिक स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और लोगों को किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने को कहा, ताकि समय रहते अपराध को रोका जा सके।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अवैध हथियार न केवल व्यक्ति की अपनी सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि इनके कारण समाज में हिंसा और अपराध की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों और युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे हथियारों के अवैध इस्तेमाल या प्रदर्शन से दूर रहें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध हथियार संबंधी जानकारी मिलने पर नागरिक 112 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अपने संदेश में नागरिकों से “अवैध हथियारों को न कहें, जिम्मेदार नागरिक बनें” का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही सुरक्षित एवं अपराध-मुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here