Edited By Vatika,Updated: 22 Aug, 2026 10:49 AM

पंजाब यूनिवर्सिटी में कैंपस छात्र परिषद चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में कैंपस छात्र परिषद चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव संबंधी काम को समय पर पूरा करने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आज और अगले शनिवार की छुट्टियां रद्द कर इन दोनों दिनों को कार्य दिवस घोषित किया है।
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार शनिवार और 29 अगस्त को पी.यू. के सेक्टर-14 और सेक्टर-25 कैंपस स्थित सभी टीचिंग विभाग, प्रशासनिक और अन्य कार्यालय सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। इन दोनों दिनों में मुख्य रूप से पी.यू. कैंपस छात्र परिषद चुनाव से संबंधित काम किया जाएगा। इन दो अतिरिक्त कार्य दिवसों के बदले यूनिवर्सिटी ने 10 और 11 नवंबर को छुट्टी घोषित की है। इस फैसले से चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कामों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों को अतिरिक्त कार्य दिवस मिलेंगे। गौरतलब है कि पी.यू. में चुनाव के मद्देनजर कैंपस और आसपास के कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, क्योंकि उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। गेट नंबर 1, 2 और 3 पर वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है। कैंपस में हर साल पी.यू. छात्र परिषद चुनावों को लेकर प्रशासन की ओर से कई नियम और निर्देश जारी किए जाते हैं।
इस बार भी चुनाव प्रचार को लेकर विशेष नियम और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने कैंपस और कॉलेजों के आसपास बढ़ाईं चौकियां इसके अलावा शहर के कॉलेजों में भी चुनाव को लेकर छात्र काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। डी.ए.वी. और एस.डी. कॉलेजों सहित पी.यू. के बाहर थार और अन्य SUV वाहनों का क्रेज देखने को मिल रहा है। कई वाहन उम्मीदवारों के स्टिकरों से सजे हुए हैं और उम्मीदवारों के काफिले अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच पुलिस ने कैंपस और कॉलेजों के आसपास चौकियां बढ़ा दी हैं। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। चुनाव प्रचार के माहौल को देखते हुए छात्रों और अन्य युवाओं, खासकर कॉलेज व पी.यू. के विद्यार्थियों के वाहनों की सख्ती से चेकिंग की जा रही है। पुलिस को कुछ वाहनों से डंडे, हॉकी स्टिक और बेसबॉल बैट भी मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने कैंपस के प्रमुख स्थानों पर निगरानी और बढ़ा दी है। वहीं, छात्र संगठनों ने भी हॉस्टलों में विद्यार्थियों तक अपनी पहुंच बढ़ानी शुरू कर दी है।