Edited By Kamini,Updated: 09 Oct, 2026 11:02 AM

महानगर में विदेश भेजने के नाम पर भोले-भाले परिवारों को निशाना बनाने वाले फर्जी ट्रैवल एजेंटों का मकड़जाल लगातार गहराता जा रहा है।
लुधियाना (राज): महानगर में विदेश भेजने के नाम पर भोले-भाले परिवारों को निशाना बनाने वाले फर्जी ट्रैवल एजेंटों का मकड़जाल लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामले में एक युवक को विदेश भेजने का सपना दिखाकर उसके परिवार से 17 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों अमनदीप सिंह और गुरविंदर कौर के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता राज कुमार खुरमी ने आरोप लगाया था कि कथित आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से आपसी मिलीभगत करके उनसे संपर्क साधा। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास वैध वीजा और वर्क परमिट दिलवाने का पूरा नेटवर्क है और वे उनके बेटे तेजिंदर सिंह को बहुत जल्द सुरक्षित तरीके से विदेश भेज देंगे। आरोपियों के झांसे और मीठे वादों में आकर पीड़ित परिवार ने अपने बेटे के सुनहरे भविष्य की खातिर अपनी मेहनत की जमा-पूंजी दांव पर लगा दी। राज कुमार खुरमी ने तेजिंदर सिंह को विदेश भेजने की पूरी प्रक्रिया के नाम पर किस्तों व विभिन्न माध्यमों से आरोपियों को कुल 17,00,000/- रुपये की भारी रकम सौंप दी।
हालांकि, पूरी रकम हासिल करने के बाद आरोपियों के तेवर पूरी तरह बदल गए। तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने न तो तेजिंदर सिंह का कोई वीजा लगवाया और न ही उसे विदेश भेजा।जब काफी समय बीतने के बाद भी विदेश यात्रा का कोई अता-पता नहीं चला, तो पीड़ित परिवार को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। राज कुमार खुरमी ने जब अपनी दी गई 17 लाख रुपये की रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में साफ तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। जांच अधिकारी का कहना है कि मुकद्दमा दर्ज करने के बाद अगली तफ्तीश अमल में लाई जा रही है। आरोपियों के बैंक खातों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि ठगी गई रकम की रिकवरी की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here