हौजरी कारोबारी से बुकी बना 'S' नाम का युवक, चंद वर्षों में खड़ा किया सट्टे का बड़ा साम्राज्य

Edited By Kamini,Updated: 01 Oct, 2026 12:52 PM

hosiery businessman turned bookie

महानगर में रातों-रात अमीर बनने और अंधाधुंध पैसा कमाने की चाहत में अपराध की राह चुनने वालों की फेहरिस्त में एक और सनसनीखेज नाम तेजी से उभरा है।

लुधियाना (राज): महानगर में रातों-रात अमीर बनने और अंधाधुंध पैसा कमाने की चाहत में अपराध की राह चुनने वालों की फेहरिस्त में एक और सनसनीखेज नाम तेजी से उभरा है। कभी मामूली स्तर पर हौजरी का काम करने वाला अंग्रेजी के 'S' अक्षर से शुरू होने वाले नाम का एक युवक महज चंद वर्षों के भीतर सट्टा बाजार का बड़ा बुकी बनकर उभर चुका है। हौजरी के छोटे कारोबार से सट्टे के अवैध सिंडिकेट तक का सफर तय करने वाले इस युवक ने करोड़ों की काली कमाई के दम पर न केवल आलीशान कोठी और संपत्ति खड़ी कर ली है, बल्कि महंगी गाड़ियों और लग्जरी लाइफस्टाइल का खुला प्रदर्शन कर रहा है। हाल ही में इस शातिर बुकी ने नई-नवेली 'थार रॉक्स' गाड़ी खरीदी है, जो इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। 

फैक्ट्री छोड़ थामा सट्टे का रास्ता, घर और सड़कों से चल रहा खेल

सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, उक्त युवक पहले हौजरी की एक फैक्ट्री चलाता था। जब उसे लगा कि मेहनत के इस कारोबार में मुनाफा सीमित और धीमा है, तो उसने झटपट अमीर बनने के लिए क्रिकेट सट्टेबाजी और बुकी के अवैध धंधे में छलांग लगा दी। शुरुआत में छोटे स्तर पर काम करने के बाद वह खुद बुकी बन बैठा और अपना एक बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया। वर्तमान में आरोपी ने हौजरी का काम पूरी तरह समेट दिया है और पूरा ध्यान केवल सट्टेबाजी की मास्टर आईडी और दांव लगवाने पर केंद्रित कर रखा है। वह अपने घर पर बैठकर और बाहर चलते-फिरते फोन व सुरक्षित कॉलिंग ऐप्स के जरिए सट्टे का पूरा सिंडिकेट ऑपरेट करता है।

हैबोवाल कलां बना ठिकाना, करोड़ों की प्रॉपर्टी और 3-4 गाड़ियां 

आरोपी युवक का मुख्य ठिकाना हैबोवाल कलां स्थित गऊशाला से ठीक पहले वाली गली में बताया जा रहा है। सट्टे के इस काले कारोबार से हुई अकूत कमाई के दम पर उसने इलाके में करोड़ों रुपये की बेशकीमती प्रॉपर्टी और आलीशान कोठी तैयार कर ली है। उसके पास मौजूदा समय में 3 से 4  महंगी गाड़ियां हैं। इलाके में अपना रसूख और धौंस दिखाने के लिए हाल ही में उसने बाजार में आई नई 'थार रॉक्स' गाड़ी भी खरीदी है। इतना ही नहीं, इलाके में अपनी सामाजिक पैठ और दबदबा बनाने के मकसद से उसने कुछ ही दिन पहले शिवपुरी के नजदीक एक बड़े मेले का आयोजन भी करवाया था, जिसमें उसने पानी की तरह पैसा बहाया।

सीआईए पहले भी कर चुकी है पर्चा, हाल ही में भी थाना।टिब्बा में दर्ज हुआ केस 

यह बुकी कानून की नजरों में कोई नया नाम नहीं है। इससे पहले भी लुधियाना सीआईए स्टाफ की टीम ने उसे सट्टेबाजी के नेटवर्क के साथ रंगे हाथों दबोचकर उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया था। हैरत की बात यह है कि अभी कुछ ही दिन पहले भी उसके खिलाफ थाना टिब्बा में धोखाधड़ी का एक नया मामला दर्ज हुआ है। इसके बावजूद आरोपी के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उस पर पुलिसिया कार्रवाई का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा। स्थानीय स्तर पर चर्चाएं गर्म हैं कि आरोपी ने अपनी ढाल बनाने के लिए पुलिस मुलाजिमों के साथ 'मोटी सेटिंग' कर रखी है, जिसके चलते उसके खिलाफ कोई ठोस या स्थायी शिकंजा नहीं कसा जा रहा।

वनडे मैच में कूटे लाखों, बड़े नेक्सस के पर्दाफाश की दरकार

क्रिकेट सीजन का आगाज होते ही यह बुकी पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बताया जा रहा है कि कल खेले गए अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबले में भी उसने स्थानीय पंटर्स और बड़े सटोरियों से लाखों रुपये के दांव लगवाकर भारी मुनाफा कमाया है। जागरूक नागरिकों का कहना है कि यह केवल एक बुकी का मामला नहीं है, बल्कि इसके तार महानगर के कई बड़े बुकीज और अंतर-राज्यीय सट्टा सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं। यदि कमिश्नरेट पुलिस और उच्चाधिकारी निष्पक्ष होकर इस 'S' नाम के बुकी पर शिकंजा कसें और इसके मोबाइल फोन व बैंक खातों की तकनीकी जांच करवाएं, तो लुधियाना में चल रहे एक बहुत बड़े सट्टा नेक्सस और इसमें शामिल सफेदपोश चेहरों का बड़ा पर्दाफाश हो सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!