दिन-दहाड़े फर्नीचर शोरूम में फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों ने मालिक को मारी गोली

Edited By Urmila,Updated: 01 Sep, 2026 11:42 AM

firing at furniture showroom

दिन-दिहाड़े जंडियाला रोड पर स्थित गांव मलिया खुर्द में एक फर्नीचर शोरूम को मोटरसाइकिल सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया।

तरनतारन (रमन): दिन-दिहाड़े जंडियाला रोड पर स्थित गांव मलिया खुर्द में एक फर्नीचर शोरूम को मोटरसाइकिल सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। इस दौरान एक बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में शोरूम मालिक अमरदीप सिंह गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही थाना सिटी तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और शोरूम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गांव मलिया खुर्द में जंडियाला गुरु जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित अमर फर्नीचर हाऊस में 3 नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। शोरूम के मालिक अमरदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव कद्दगिल उस समय शोरूम के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान 3 बदमाश एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे। इनमें से 2 बदमाश सड़क पर मोटरसाइकिल के पास ही रहे, जबकि तीसरा बदमाश शोरूम के अंदर दाखिल हो गया।

बताया जा रहा है कि शोरूम में दाखिल हुए व्यक्ति का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। अमरदीप सिंह ने जब उसे चेहरे से कपड़ा हटाने के लिए कहा तो उसने अपनी कमर में छिपाई पिस्तौल निकालकर सीधे उन पर फायर कर दिया। गोली अमरदीप सिंह की जांघ के आर-पार हो गई। गोली चलाने के बाद आरोपी तुरंत बाहर निकला और अपने दोनों साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर शोरूम की बेसमैंट में काम कर रहे कर्मचारी तुरंत ऊपर पहुंचे। वहां अमरदीप सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। कर्मचारियों और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गुरु नानक देव मल्टी स्पैशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

वारदात की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. स्पैशल प्रवेश चोपड़ा, डी.एस.पी. इन्वैस्टिगेशन शिवदर्शन सिंह और थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पैक्टर परमजीत सिंह विरदी पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शोरूम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया। फुटेज में तीनों संदिग्ध बदमाश दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

घायल अमरदीप सिंह के बड़े भाई अवतार सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने पुलिस से फायरिंग करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। अवतार सिंह ने कहा कि उन्हें फिरौती से संबंधित किसी तरह की कोई जानकारी नहीं है।

इस संबंध में थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पैक्टर परमजीत सिंह विरदी ने बताया कि शोरूम मालिक अमरदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह की जांघ में गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने वाले तीनों नकाबपोश आरोपियों की तलाश के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शुरूआती जांच में इस फायरिंग की घटना का फिरौती से कोई संबंध सामने नहीं आया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!