DBA चुनाव में विपिन सग्गड़ की बड़ी जीत, अन्य पदों पर किसने मारी बाजी, जानें पूरी डिटेल

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 12 Sep, 2026 08:48 PM

find out who won the post of president and other positions in the dba election

जिला बार एसोसिएशन (डीबीए), लुधियाना के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव में विपिन सग्गड़ ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 1,503 वोटों के भारी अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जसविंदर सिंह सिब्बल को पराजित किया।

लुधियाना  (मेहरा) : जिला बार एसोसिएशन (डीबीए), लुधियाना के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव में विपिन सग्गड़ ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 1,503 वोटों के भारी अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जसविंदर सिंह सिब्बल को पराजित किया। विपिन सग्गड़ को 2,009 वोट मिले, जबकि सिब्बल को 506, विकास गुप्ता को 397 और राजेश खन्ना को 16 वोट प्राप्त हुए। 12 वोट रद्द हुए और अध्यक्ष पद के लिए कुल 2,940 मतों का परिणाम घोषित किया गया।

उपाध्यक्ष (जनरल) पद पर अनिल सग्गड़ ने 1,787 वोट लेकर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी गुरकिरपाल सिंह बेदी को 1,068 वोट मिले, जबकि 85 वोट अमान्य घोषित किए गए। अनिल सग्गड़ ने 719 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

सचिव पद पर मनिंदर हीर ने सबसे बड़ी बढ़त वाली जीत दर्ज करते हुए 2,333 वोट हासिल किए। उनके प्रतिद्वंद्वी जगजीत सिंह को 570 वोट मिले और 37 वोट अमान्य घोषित किए गए। मनिंदर हीर ने 1,763 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की।

महिलाओं के लिए आरक्षित अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर हरसिमरत कौर ने 1,444 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। विजय शर्मा को 725 और कविता को 475 वोट मिले। डीबीए लुधियाना के इतिहास में पहली बार उपाध्यक्ष का अतिरिक्त पद सृजित कर इसे महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित किया गया है। इससे बार की नई कार्यकारिणी में महिला अधिवक्ताओं को अतिरिक्त प्रतिनिधित्व मिला है।

फाइनेंस सचिव पद पर कोणार्क शर्मा 1,004 वोट लेकर विजयी रहे। दिनेश शर्मा को 777, हिमाकर को 657 और परमिंदर सिंह कुक्की को 241 वोट मिले। वहीं संयुक्त सचिव पद पर चरनजीत सेखों ने 838 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।

विपिन सग्गड़ की जीत की घोषणा होते ही जिला अदालत परिसर में उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी उम्मीदवारों को समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। ढोल की थाप पर वकीलों ने जमकर भंगड़ा डाला और जीत का जश्न मनाया। इस दौरान बलदेव कुमार बवेजा, गुरकिरपाल सिंह गिल, परविंदर ग्रेवाल, किन भल्ला, सिदार्थ शारदा और लखबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

जीत के बाद विपिन सग्गड़ ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत बार के सदस्यों के विश्वास की जीत है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर बार के हित में काम करने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।

डीबीए चुनाव के लिए कुल 3,250 अधिवक्ताओं को मतदान का अधिकार था। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। विभिन्न पदों के लिए कुल 31 उम्मीदवार मैदान में थे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान करवाया गया तथा मतदान केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहा।

रिटर्निंग ऑफिसर वरिंदर खारा और सुक्खबीर भल्ला ने बताया कि विभिन्न पदों की मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी सदस्यों के पदों के लिए मतगणना सोमवार को होगी, जिसके बाद शेष परिणाम घोषित किए जाएंगे। इससे डीबीए की नई कार्यकारिणी की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!