Edited By Vatika,Updated: 03 Jun, 2026 10:12 AM

नशामुक्त पंजाब और कानून व्यवस्था के कड़े पहरे के बड़े-बड़े दावों की हवा निकालती एक बेहद शर्मनाक
लुधियाना(राज): नशामुक्त पंजाब और कानून व्यवस्था के कड़े पहरे के बड़े-बड़े दावों की हवा निकालती एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाली तस्वीर महानगर के सबसे व्यस्त इलाके से सामने आई है। पुलिस भले ही नशा तस्करों के खिलाफ चौबीसों घंटे मुस्तैदी के दावे ठोक रही हो, लेकिन रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक बाहर का नजारा कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे दो दिन पुराने यानी सोमवार के एक वीडियो ने खाकी की मुस्तैदी और सुरक्षा दावों पर गहरे सवालिया निशान लगा दिए हैं। वीडियो में दो नौजवान सरेआम बीच सड़क पर नशे की हालत में इस कदर बदहवास पड़े हैं कि उन्हें दुनिया-जहान की कोई सुध-बुध नहीं है।
तीसरी आंख में कैद हुआ शर्मनाक नजारा, राहगीरों ने बनाया बेसुध युवकों का वीडियो
यह सनसनीखेज मामला थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत आते रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट का है, जहां चौबीसों घंटे हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। सोमवार को वहां से गुजरने वाले राहगीर उस वक्त दंग रह गए, जब उन्होंने सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर दो युवकों को मौत जैसी नींद सोते देखा। दोनों की हालत इतनी खराब थी कि वे अपने पैरों पर खड़े होने के लायक भी नहीं थे। वहां से गुजरने वाले कुछ सचेत नागरिकों ने तुरंत इस शर्मनाक मंजर को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।
मुंह से टपक रही थी लार, डिवाइडर को ही बना लिया बिस्तर
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नशीले पदार्थ के ओवरडोज के कारण दोनों युवकों का अपने शरीर पर कोई नियंत्रण नहीं है। इनमें से एक युवक फिरोजी रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहने हुए डिवाइडर पर औंधे मुंह लेटा हुआ है और दर्द या बेसुधी में अपना सिर पकड़े नजर आ रहा है। वहीं, उसका दूसरा साथी, जिसने सिर पर काले रंग का पटका और भूरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है, डिवाइडर के सहारे किसी लाश की तरह टिका हुआ है। नशे की इस भयानक हालत में उस युवक के मुंह से लगातार थूक और लार गिरती दिखाई दे रही है, जिसे देखकर वहां से गुजरने वाले यात्री भी खौफ और घृणा से अपनी नजरें चुराने को मजबूर हो गए।
'खुलेआम बिक रहा है नशा और हो रही हैं लूटपाट की वारदातें', स्थानीय लोगों ने खोली पोल
रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और अति-भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर इस तरह नशेड़ियों के पड़े होने से यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। दबी जुबान में इलाके के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने नाम न छापने की शर्त पर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है। लोगों का सीधा आरोप है कि रेलवे स्टेशन, लोकल बस अड्डे और इसके आस-पास की तंग गलियों में नशा तस्करों का जाल बुरी तरह फैला हुआ है और यहां खुलेआम मौत का सामान बेचा जाता है। इसी का नतीजा है कि स्टेशन के आस-पास हर वक्त ऐसे संदिग्ध और नशेड़ी घूमते दिखाई देते हैं, जो मौका पाकर भोले-भाले यात्रियों के साथ लूटपाट, झपटमारी और मारपीट की वारदातों को अंजाम देते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हालांकि इलाके में पुलिस की पीसीआर गाड़ियां गश्त तो करती हैं, लेकिन शातिर नशा तस्कर पुलिस की हर मूवमेंट पर नजर रखते हैं और उनकी आंखों में धूल झोंककर अपना काला कारोबार धड़ल्ले से चला रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस वायरल वीडियो का तुरंत संज्ञान लेकर न सिर्फ इन युवकों, बल्कि इन्हें नशा सप्लाई करने वाले मगरमच्छों पर भी शिकंजा कसा जाए।