Edited By Kalash,Updated: 01 Jun, 2026 09:45 AM

रेल यात्रियों को रविवार को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जालंधर (पुनीत): रेल यात्रियों को रविवार को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शान-ए-पंजाब दोनों दिशाओं में करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों का इंतजार बढ़ गया। वहीं लंबी दूरी की आम्रपाली एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ाते हुए करीब पांच-पांच घंटे की देरी से स्टेशन पर दस्तक दी।
ट्रेनों के निर्धारित समय पर न पहुंचने से प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी रही और घंटों तक यात्री ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हुए। इसके अलावा नई दिल्ली व वैष्णों देवी रूट की वंदे भारत एक्सप्रेस भी अपने तय समय से काफी देरी से पहुंची। लगातार लेट चल रही ट्रेनों के कारण यात्रियों के आगे के यात्रा कार्यक्रम भी प्रभावित हुए और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा।
इसी क्रम में नई दिल्ली से आने वाली 12497 शान-ए-पंजाब दोपहर 12.50 से डेढ़ घंटा लेट रहते हुए 2.20 के करीब सिटी स्टेशन पहुंची। अमृतसर से दिल्ली जाने वाली 12498 शान-ए-पंजाब शाम सवा 4 से डेढ़ घंटा लेट रहते हुए पौने 6 बजे सिटी पहुंची। नई दिल्ली से अमृतसर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 22487 अपने निर्धारित समय आधा घंटा देरी के साथ रात 8.55 पर कैंट पहुंची। इसी तरह से शताब्दी जैसी ट्रेनें 15 से 20 मिनट लेट रही।
अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस 15707 अपने निधार्रित समय से 5 घंटे लेट रहते हुए शाम पौने 4 बजे सिटी पहुंची। वैष्णों देवी जाने वाली मालवा एक्सप्रेस 12919 सुबह साढ़े 10 से 5 घंटे लेट रहते हुए साढ़े 3 बजे के बाद कैंट पहुंची। इसी तरह वैष्णों देवी जाने वाली 22339 वंदे भारत डेढ़ घंटा लेट रहते हुए सुबह साढ़े 11 बजे कैंट पहुंची।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here