Edited By Vatika,Updated: 01 Aug, 2026 01:53 PM

डीएवी कॉलेज स्टेशन हॉल्ट के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
जालंधर: डीएवी कॉलेज स्टेशन हॉल्ट के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, युवक रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मृतक की पहचान सुखविंदर कुमार उर्फ टिंकू, निवासी विजयपुर (जम्मू) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से जालंधर में रह रहा था और सब्जी बेचने का काम करता था। मृतक के मालिक सौरभ ने बताया कि उनकी सब्जी की दुकान है और सुखविंदर पिछले चार साल से उनके यहां काम कर रहा था।
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह दुकान से छुट्टी कर घर के लिए निकला था। जब वह डीएवी हॉल्ट रेलवे लाइन के पास पहुंचा, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आ गया। वह फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ता रहा। इसी दौरान दूसरी तरफ से ट्रेन आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे कई बार आवाज लगाई, लेकिन उसे सुनाई नहीं दिया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जीआरपी थाना के हेड कांस्टेबल प्रीतपाल सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि डीएवी हॉल्ट रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।