Ludhiana नगर निगम में बवाल, आम आदमी पार्टी के पार्षदों व सफाई कर्मियों में भीषण टकराव

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Feb, 2026 05:22 PM

clash in ludhiana municipal corporation

लुधियाना नगर निगम की आज हुई जनरल हाउस मीटिंग उस समय विवादों में घिर गई, जब सालिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े टेंडर प्रस्ताव को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। इस प्रस्ताव के तहत शहर से कूड़ा डोर-टू-डोर कलेक्ट करने का काम एक निजी कंपनी को सौंपने की...

लुधियाना (हितेश) : लुधियाना नगर निगम की आज हुई जनरल हाउस मीटिंग उस समय विवादों में घिर गई, जब सालिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े टेंडर प्रस्ताव को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। इस प्रस्ताव के तहत शहर से कूड़ा डोर-टू-डोर कलेक्ट करने का काम एक निजी कंपनी को सौंपने की योजना थी, जिसका नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और उनकी यूनियनों ने जोरदार विरोध किया।

प्रस्ताव के पेश होते ही निगम कर्मचारियों में रोष फैल गया। सफाई मुलाजिम यूनियनों ने नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और बाद में भारत नगर चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस फैसले से हजारों कर्मचारियों की नौकरी और अधिकारों पर सीधा खतरा मंडरा रहा है और निजीकरण के जरिए कर्मचारियों का शोषण किया जाएगा।

स्थिति को संभालने के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर ने मुलाजिम यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की। हालांकि, इस बैठक में किसी भी तरह की सहमति नहीं बन पाई। कर्मचारियों की मांग थी कि निजी कंपनी को काम सौंपने का प्रस्ताव पूरी तरह से रद्द किया जाए, जबकि प्रशासन अपने फैसले पर अड़ा रहा।

यूनियनों के विरोध और जारी धरने के कारण जनरल हाउस की मीटिंग, जो दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी, करीब 45 मिनट की देरी से शुरू हुई। मीटिंग शुरू होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों ने भी इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया और इसे कर्मचारियों व शहर के हितों के खिलाफ बताया। विरोध के बावजूद आम आदमी पार्टी के पार्षदों, मेयर और विधायकों ने बिना किसी विस्तृत चर्चा के इस प्रस्ताव को पास करने की घोषणा कर दी। विपक्षी पार्षदों का आरोप है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए प्रस्ताव को जबरन पास किया गया और विपक्ष की आवाज को दबाया गया।

सफाई कर्मचारियों की यूनियनों ने इस फैसले को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताते हुए आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रस्ताव पास होने के बाद गुस्साए कर्मचारियों और समर्थकों ने एक बार फिर भारत नगर चौक पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। फिलहाल, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट टेंडर को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में लुधियाना नगर निगम और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव और बढ़ सकता है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!