Edited By Vatika,Updated: 10 Jul, 2026 02:35 PM

शहर के गदईपुर इलाके में नहर का बांध टूटने से आसपास की कॉलोनियों में पानी घुस
जालंधर (सोनू): शहर के गदईपुर इलाके में नहर का बांध टूटने से आसपास की कॉलोनियों में पानी घुस गया, जिससे लोग चिंता में पड़ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू कर दिया।
लगातार राहत और बचाव कार्य जारी
पानी को आगे बढ़ने से रोकने के लिए मिट्टी से भरी बोरियां लगाकर अस्थायी बांध बनाया गया। वहीं, क्रेन मशीन की मदद से भी टूटे हिस्से को बंद करने का काम किया गया। बताया जा रहा है कि पंजाब के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण नहरों में पानी का स्तर बढ़ गया था, जिससे नहर का बांध टूट गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि पानी लोगों के घरों के अंदर नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। इसके बावजूद कॉलोनियों में पानी भरने से लोग चिंतित हैं। प्रशासन की ओर से लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है।
3 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट
स्थानीय निवासी देसराज ने बताया कि रात करीब 11 बजे बांध टूटने की सूचना मिली थी। इसके बाद लोगों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि देर रात दो स्थानों पर बांध टूट गया था, जिससे कॉलोनियों में पानी घुस गया। हालांकि सुबह तक काफी हद तक स्थिति पर काबू पा लिया गया।वहीं, सलेमपुर निवासी और क्रेन मशीन मालिक मोनू ने बताया कि सूचना मिलते ही वह अपनी क्रेन लेकर मौके पर पहुंचे। मशीन की मदद से मिट्टी डालकर दोनों स्थानों पर नया बांध तैयार किया गया, जिससे पानी का बहाव रोक दिया गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में यदि भारी बारिश होती है तो निचले इलाकों में लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।