कांग्रेसी नेता के बेटे पर तलवार से जानलेवा हमला: दोनों हाथ कटे, 100 से ज्यादा टांके लगे

Edited By Vatika,Updated: 05 Aug, 2026 10:57 AM

attack on congress leader

शहर के मोहल्ला रणजीत सिंह पार्क इलाके में सोमवार रात हॉर्न बजाने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

लुधियाना (राज): शहर के मोहल्ला रणजीत सिंह पार्क इलाके में सोमवार रात हॉर्न बजाने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रंजिश के चलते तीन युवकों ने होजरी कारोबारी व कांग्रेसी नेता के बेटे पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह कट गए, जिसे गंभीर हालत में सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों को हाथों का ऑपरेशन कर 100 से अधिक टांके लगाने पड़े। थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने पीड़ित के पिता के बयानों पर मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित के पिता धर्मिंदर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह होजरी का कारोबार करते हैं और कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं। रात जब उनका बेटा करण शर्मा कार में सवार होकर घर लौट रहा था, तो गली में आरोपी सुखविंदर सिंह अपनी कार बैक कर रहा था। करण ने साइड मांगने के लिए कार का हॉर्न बजाया। इसी बात से चिढ़कर आरोपी सुखविंदर और उसके दो साथियों ने करण के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर धर्मिंदर शर्मा और मोहल्ले के दो अन्य युवक मौके पर पहुंचे। इसी बीच आरोपी सुखविंदर अपने घर के अंदर गया और हाथ में धारदार तलवार लेकर बाहर आया। आरोपी ने सीधे करण शर्मा पर तलवार से जानलेवा वार कर दिया। करण ने खुद को बचाने के लिए जैसे ही अपने दोनों हाथ आगे किए, तलवार लगने से उसके दोनों हाथ बुरी तरह कट गए।

बीच-बचाव करने आए दो अन्य युवकों को भी हमले में चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों समेत मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल करण शर्मा को तुरंत परिजनों द्वारा सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने उसके हाथों का जटिल ऑपरेशन किया। हमले में जख्म इतने गहरे थे कि करण के हाथों पर 100 से अधिक टांके आए हैं। मामले की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर 3 के एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित के पिता धर्मिंदर शर्मा के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 109 (BNS) / हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!