जालंधर में चीफ विजिलेंस की सख्ती के बाद एक्शन, 4 दुकानें सील

Edited By Urmila,Updated: 19 Apr, 2026 09:27 AM

after strict action by chief vigilance officer

जेपी नगर रोड पर अवैध रूप से बनी दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने हाल ही में बिना नक्शा पास करवाए बनाई गई 4 दुकानों को सील कर दिया।

जालंधर (खुराना): जेपी नगर रोड पर अवैध रूप से बनी दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने हाल ही में बिना नक्शा पास करवाए बनाई गई 4 दुकानों को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ सप्ताह पहले लोकल बॉडीज विभाग, पंजाब के चीफ विजिलेंस ऑफिसर ने आरटीआई एक्टिविस्ट करणप्रीत सिंह की शिकायतों के आधार पर जालंधर में टीम सहित दबिश दी थी। इस दौरान शहर में पिछले कुछ महीनों में बने दर्जनों अवैध निर्माणों की जांच की गई थी।

जांच के दौरान यह सामने आया था कि जालंधर नगर निगम के बिल्डिंग विभाग की लापरवाही के चलते शहर में अवैध निर्माण तेजी से बढ़ रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद भी इन निर्माणों पर रोक नहीं लग रही थी जिसके चलते सीवीओ को खुद जालंधर आकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देने पड़े। सीवीओ की विजिट के दौरान जेपी नगर रोड पर करीब 50 अवैध दुकानों का निर्माण पाया गया था। इस संबंध में सी.वी.ओ. ने निगम अधिकारियों से सभी अवैध निर्माणों की रिपोर्ट भी तलब की थी लेकिन अभी तक इस मामले में पूरी तरह से ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

हालांकि जिन शिकायतों की जांच की गई थी, उनमें से कुछ मामलों पर अब कार्रवाई शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने जेपी नगर रोड पर चार अवैध दुकानों को सील कर दिया। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में नगर निगम द्वारा अन्य अवैध निर्माणों पर भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

निगम द्वारा सील बिल्डिंग पर ही डाल दिया चौथा लैंटर

लोकल बॉडीज विभाग के चीफ विजिलेंस ऑफिसर के पास शहर की जिन अवैध बिल्डिंगों की सूची पहुंची थी, उनमें फुटबॉल चौक के निकट और भाटिया आई अस्पताल के पास स्थित मल्होत्रा चिकन कॉर्नर वाली बिल्डिंग भी शामिल थी। इस बिल्डिंग का निर्माण पिछले कई महीनों से जारी है। पता चला है कि नगर निगम ने सी.वी.ओ. की टीम के जालंधर पहुंचने से पहले इस अवैध निर्माण को सील कर दिया था। जब विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची तो सबसे पहले इसी बिल्डिंग पर दबिश दी गई। अधिकारियों ने मौके पर फोटो आदि भी खींचे, लेकिन सील होने के कारण वे ऊपरी मंजिलों तक नहीं जा सके।

हैरानी की बात यह है कि सी.वी.ओ. टीम के लौटने के कुछ ही दिनों बाद उक्त बिल्डिंग पर चौथा लैंटर डाल दिया गया। इस संबंध में आर.टी.आई. एक्टिविस्ट करणप्रीत सिंह ने लोकल बॉडीज विभाग और चीफ विजिलेंस ऑफिसर को शिकायत भेज दी है। शिकायतकर्त्ता का आरोप है कि सील बिल्डिंग के सबसे ऊपरी हिस्से का चौथा लैंटर पीछे की ओर से डाला गया, जहां साइकिल स्टैंड चल रहा है। अब देखना यह है कि नगर निगम के अधिकारी या सी.वी.ओ. की टीम इस अवैध निर्माण के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है?

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!