एक क्लिक, एक स्क्रीनशॉट और उड़ जाएंगे पैसे! एक्टिवा सवार 'डिजिटल ठग' ने मचाया आतंक

Edited By Urmila,Updated: 03 Jun, 2026 10:48 AM

activa riding digital conman unleashes reign of terror

महानगर में इन दिनों एक ऐसा शातिर और शातिर दिमाग ठग सक्रिय है, जो पलक झपकते ही दुकानदारों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहा है।

लुधियाना (राज): महानगर में इन दिनों एक ऐसा शातिर और शातिर दिमाग ठग सक्रिय है, जो पलक झपकते ही दुकानदारों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहा है। शिंगार सिनेमा रोड और उसके आस-पास के इलाकों में इस एक्टिवा सवार ठग ने आतंक मचा रखा है, जिसका मुख्य निशाना मनी ट्रांसफर की दुकानें हैं। मंगलवार देर शाम इस शातिर अपराधी ने एक और वारदात को अंजाम देते हुए एक मनी ट्रांसफर दुकानदार को अपनी बातों के जाल में फंसाया और दस हजार रुपये का चूना लगाकर बड़े ही आराम से फरार हो गया। हालांकि पीड़ित दुकानदार ने हिम्मत दिखाकर चोर-चोर चिल्लाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन शातिर ठग तेज रफ्तार एक्टिवा पर सवार होकर आंखों से ओझल हो गया। यह पूरी सनसनीखेज वारदात दुकान के बाहर लगी 'तीसरी आंख' यानी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

'मैं कहीं भागा नहीं जा रहा...' कहकर जीता भरोसा, स्क्रीनशॉट देखते ही बदला रंग 

मिली जानकारी के अनुसार शिंगार सिनेमा के नजदीक मनी ट्रांसफर का काम करने वाले पीड़ित दुकानदार अमन सभ्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी आपबीती सुनाई। अमन ने बताया कि देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति एक्टिवा पर सवार होकर बेहद शालीनता से उसकी दुकान पर आया। उसने आते ही बड़े ही विश्वास के साथ अपने खाते में दस हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। जब अमन ने सुरक्षा के तौर पर पहले नकद पैसे मांगे, तो शातिर ठग ने बेहद मासूमियत से कहा कि भाई साहब, मैं कहीं भागा नहीं जा रहा हूं, आप पैसे डालो मैं यहीं खड़ा हूं। दुकानदार उसकी बातों में आ गया और जैसे ही उसने पैसे ट्रांसफर कर ठग को मोबाइल पर स्क्रीनशॉट दिखाया, ठग ने अपनी जेबें टटोलने का नाटक शुरू कर दिया।

डिग्गी से कैश निकालने का नाटक और पलक झपकते ही फरार, पहले भी कर चुका है इसी अंदाज में ठगी

जेब में पैसे न होने का बहाना बनाते हुए ठग ने दुकानदार से कहा कि वह अपनी एक्टिवा की डिग्गी से पैसे निकालकर अभी देता है। शातिर अपराधी ने अपनी एक्टिवा को कुछ ही दूरी पर स्टार्ट छोड़ रखा था। जैसे ही वह डिग्गी के पास पहुंचा, वह पैसे निकालने के बजाय तुरंत एक्टिवा पर सवार हुआ और तेजी से एक्सीलेटर दबाकर रफूचक्कर हो गया। अमन ने पीछे भागकर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हैरानी की बात यह है कि इस वारदात के बाद शिंगार रोड के ही एक अन्य मनी ट्रांसफर दुकानदार सचिन ने बड़ा खुलासा किया। सचिन ने बताया कि करीब तीन-चार दिन पहले यही एक्टिवा सवार ठग उसकी दुकान पर भी आया था और बिल्कुल इसी अंदाज में झांसा देकर उससे भी दस हजार रुपये ऑनलाइन डलवाकर फरार हो गया था। इससे साफ है कि यह ठग योजनाबद्ध तरीके से सिर्फ मनी ट्रांसफर वालों को ही अपना शिकार बना रहा है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर इस शातिर 'डिजिटल ठग' का सुराग लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!