Edited By Vatika,Updated: 20 Jun, 2026 09:44 AM

चंडीगढ़ रोड पर स्थित 'वर्धमान प्योर इंफ्राटेक मॉल' की निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा प्रबंधों में बरती गई घोर लापरवाही के कारण एक
लुधियाना (राज): चंडीगढ़ रोड पर स्थित 'वर्धमान प्योर इंफ्राटेक मॉल' की निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा प्रबंधों में बरती गई घोर लापरवाही के कारण एक बेहद दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। साइट पर काम करने के दौरान अचानक काफी ऊंचाई से स्कैप होल्डिंग का एक भारी-भरकम लोहे का पाइप एक मजदूर के सिर पर आ गिरा। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निर्माण कार्य से जुड़ी दो नामजद फर्मों के प्रबंधकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साइट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने पर हुआ हादसा
मृतक की पहचान कमलेश कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयानों में मृतक के चचेरे भाई (शिकायतकर्ता) अनूप कुमार ने बताया कि बीती 18 जून को वह अपने किसी काम में व्यस्त था। इसी दौरान उसे मोबाइल पर एक अत्यंत दुखद और चौंकाने वाला फोन संदेश प्राप्त हुआ। फोन करने वाले ने बताया कि चंडीगढ़ रोड स्थित वर्धमान प्योर इंफ्राटेक मॉल की साइट पर काम करने के दौरान ऊंचाई से एक लोहे का भारी पाइप कमलेश कुमार यादव के सिर पर गिर गया है और इस दर्दनाक हादसे में उसकी जान चली गई है। खून से लथपथ भाई की मौत की खबर मिलते ही अनूप कुमार तुरंत बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा। उसने अपने स्तर पर और वहां मौजूद अन्य कामगारों से पूछताछ कर जब मामले की पड़ताल की, तो साइट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने का बड़ा सच सामने आया।
शव को कब्जे में लेकर किया पोस्टमार्टम
जांच में पता चला कि मॉल की इस साइट पर स्कैप होल्डिंग का ठेका 'रैक्सलसो प्राइवेट लिमिटेड' नामक फर्म के पास था। इसके अलावा साइट पर निर्माण का कार्य 'सोनी डैकोर एंड बिल्डर्स' नामक फर्म द्वारा करवाया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन दोनों फर्मों के प्रबंधकों ने साइट पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को पूरी तरह से दांव पर लगा रखा था। ऊंचाई पर काम होने के बावजूद नीचे सुरक्षा नेट या कोई अन्य पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। इन दोनों फर्मों की इसी घोर लापरवाही, अनदेखी और सुस्ती के कारण ही यह भारी पाइप ऊपर से सीधे नीचे काम कर रहे कमलेश के सिर पर आ गिरा और उसकी असमय मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करवाई।
दोनों फर्मों से जुड़े मुख्य प्रबंधकों पर FIR
पुलिस ने शिकायतकर्ता अनूप कुमार के बयानों के आधार पर दोनों फर्मों से जुड़े मुख्य प्रबंधकों—अमित मिश्रा (पुत्र श्याम प्रकाश मिश्रा, निवासी ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद) और संदीप कुमार (पुत्र हनुमान प्रसाद, निवासी अमर दर्शन कॉलोनी, पटियाला) के खिलाफ लापरवाही के कारण हुई मौत और कानून की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की अगली कानूनी तफ्तीश में जुट गई है ताकि निर्माण साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।