Edited By Vatika,Updated: 05 Sep, 2026 09:21 AM

टिब्बा रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो रिक्शा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
लुधियाना, (राज) : टिब्बा रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो रिक्शा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना टिब्बा की पुलिस ने मृतक के भाई विकास शर्मा की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई विकास शर्मा ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 11.40 बजे उसका भाई सिद्धार्थ अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला था। वह इलाके में स्थित दुकान से परांठे लेने जा रहा था। जैसे ही सिद्धार्थ टिब्बा रोड पर राधा स्वामी सत्संग घर के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो रिक्शा के चालक ने अपने वाहन को बेहद लापरवाही व तेज गति से चलाते हुए उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिद्धार्थ बाइक समेत सडक़ पर दूर जा गिरा और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में बेहद गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत राहगीरों व परिजनों की मदद से सीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत को बेहद नाजुक बताते हुए इमरजेंसी वार्ड में इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों और ज्यादा खून बह जाने के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही टिब्बा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर ऑटो रिक्शा के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी ऑटो चालक की तलाश में जुटी हुई है।