Edited By Kamini,Updated: 23 Mar, 2026 12:21 PM

पंजाब की लड़की की हरियाणा के कैथल में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब की लड़की की हरियाणा के कैथल में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद पूरी रात उसके शव के पास ही बिताई। सबसे चौंकाने वाली ये सामने आई है कि, पति अरुण ने खुदकुशी की भी योजना बनाई थी और इसके लिए सुसाइड नोट भी लिखा, लेकिन वह ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। मृतक शालू के 2 बच्चे हैं जिनमें एक 5 साल का बेटा और 3 साल की बेटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरुण ने अपनी पत्नी शालू का गला दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के दौरान महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तब तक नहीं रुका जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। वारदात के समय घर में मौजूद दोनों बच्चे बैड पर ही सो रहे थे, जिन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि, हत्या के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा। अगले दिन जब वह मानसिक रूप से टूट गया, तो उसने पास में रहने वाली अपनी भाभी को घटना की जानकारी दी। आरोपी पति ने पड़ोसन भाभी को बताया कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है आप संभाल लेना। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आरोपी ने लिखा कि वह अपनी पत्नी से प्रेम करता था, लेकिन उसके बार-बार बठिंडा में मायके जाने को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था। इसी वजह से उसने पहले पत्नी की हत्या और फिर खुदकुशी करने की बात लिखी थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर था। आरोपी अरुण ने कैथल में एक घर से सोने-चांदी के गहने चोरी किए थे। अब पत्नी की हत्या के आरोप में उसे दोबारा जेल भेज दिया गया है। उधर, मृतका का अंतिम संस्कार उसके मायके बठिंडा में किया गया।
आरोपी अरुण ने जानकारी देते हुए बताया कि वारदात के रात वह शराब पीकर घर आया था। इस दौरान उसका अपनी पत्नी शालू के साथ झगड़ा हुआ जोकि कुछ देर बाद शान्त हो गया। फिर रात करीब 2 बजे उठा और अपनी पत्नी का गला दबा दिया। मौके पर शालू बेसूध हो गई, जिसे मरा हुआ समझ पास ही बैठ गया, लेकिन कुछ देर बार शालू फिर हिलने लगी। फिर से उसका गला तब तक दबाया जब तक उसकी सांसे थम नहीं गई। आरोपी अरुण ने आगे बताया कि इस दौरान उसके दोनों बच्चे पास ही सोए हुए। उसने खुद सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाया, क्योंकि तब तक शराब का नशा भी उतर चुका था। जब कुछ समझ नहीं आया तो सामने वाली भाभी को जानकारी देकर मौके से फरार हो गया। यही नहीं उसने भागने से पहले बठिंडा में अपनी सास को भी फोन करके जानकारी दी कि उनकी बेटी इस दुनिया में नहीं रही और मैंने ही उसे मारा है। इस दौरान सास से बहस होने पर पत्नी का फोन भी तोड़ दिया। इसके बाद मायके वाले कैथल पहुंचे और अपनी बेटी शव और बच्चों को साथ लेकर चले गए। मृतक शालू का अंतिम संस्कार भी बठिंडा में उसके मायके में हुआ।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here