Edited By Urmila,Updated: 05 Apr, 2026 09:47 AM

पंजाब में गन कल्चर का खुमार युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, जो अब पुलिस के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। ताजा मामला लुधियाना से सामने आया है।
लुधियाना (राज): पंजाब में गन कल्चर का खुमार युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, जो अब पुलिस के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। ताजा मामला लुधियाना से सामने आया है, जहां अपनी दबंगई दिखाने के चक्कर में एक युवक ने न सिर्फ सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर सीधे तौर पर विरोधियों को चुनौती दे डाली। हालांकि, सुर्खियां बटोरने के चक्कर में युवक अब पुलिस के रडार पर आ गया है।
वायरल हो रहे करीब 25 सेकेंड के इस वीडियो में युवक अपने साथियों के साथ एक घर के बरामदे में खड़ा नजर आ रहा है। बैकग्राउंड में भड़काऊ पंजाबी गाना बज रहा है और युवक के हाथ में रिवाल्वर है। रसूख दिखाने के चक्कर में युवक ने पहले रिवाल्वर लोड की और हवा में फायरिंग की। इसके बाद उसने फिर से लोड करके पास रखे एक गमले को निशाना बनाते हुए गोली दाग दी। इस पूरी हरकत का वीडियो उसके साथी ने बड़े चाव से शूट किया।
हैरानी की बात यह है कि युवक ने इस वीडियो को निहाल शर्मा नाम के फेसबुक पेज पर अपलोड किया। वीडियो के कैप्शन में उसने अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग को चेतावनी देते हुए लिखा कि हथियार चलाना छोड़े हैं, भूले नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो पोस्ट करने वाले युवक के तार एक स्थानीय गैंग से जुड़े हैं और इस वीडियो के जरिए वह अपने विरोधियों को अपनी मौजूदगी का अहसास कराना चाहता था।
मामला गरमाता देख युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो तो डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लुधियाना पुलिस के आईटी सेल ने मुस्तैदी दिखाते हुए वीडियो को पहले ही डाउनलोड कर सुरक्षित रख लिया है। साइबर सेल अब आईपी एड्रेस और लोकेशन के जरिए युवक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here