जालंधर में अब ट्रैफिक लाइट खुद तय करेगी टाइमिंग, 42 चौक होंगे स्मार्ट

Edited By Urmila,Updated: 01 Aug, 2026 02:19 PM

traffic in jalandhar will now be smart

जालंधर शहर का दायरा लगातार बढ़ रहा है और पिछले कई वर्षों में शहर की आबादी में भी तेजी से वृद्धि हुई है।

जालंधर : शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के प्रमुख चौकों पर वाहन चालकों को ट्रैफिक के मुताबिक सिग्नल मिलने की सुविधा उपलब्ध होगी। नगर निगम की ओर से पूरे शहर में एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इस हाईटेक सिस्टम की शुरुआत शहर के सबसे व्यस्त प्रभु श्रीराम चौक से की गई है, जहां नए स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम शुरू हो चुका है।

करीब 12 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजैक्ट के तहत शहर के 42 प्रमुख चौकों को एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इस सिस्टम के लागू होने के बाद ट्रैफिक सिग्नल अपनी टाइमिंग खुद तय करेंगे। चौक के चारों तरफ लगे कैमरे और सेंसर वहां मौजूद ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखेंगे और जिस दिशा में वाहनों की संख्या ज्यादा होगी, उस तरफ ग्रीन सिग्नल का समय अपने आप बढ़ जाएगा। वहीं जिस सड़क पर वाहनों की संख्या कम होगी, वहां ग्रीन लाइट का समय कम कर दिया जाएगा।

प्रभु श्रीराम चौक पर दिनभर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। यहां नेहरू गार्डन स्कूल, बैंकों के जोनल कार्यालय, दवा मार्केट और नगर निगम कॉम्प्लेक्स होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन आते-जाते हैं। ऐसे में इस चौक से स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम की शुरुआत होने से वाहन चालकों को जाम और अनावश्यक इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजैक्ट का काम करीब 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एडैप्टिव सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ट्रैफिक कम होने के बावजूद वाहन चालकों को लंबे समय तक रेड लाइट पर खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इससे चौकों पर लगने वाली वाहनों की लंबी कतारें कम होंगी और लोगों का समय भी बचेगा। इसके साथ ही वाहनों के लंबे समय तक स्टार्ट रहने से होने वाले ईंधन खर्च और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

इस सिस्टम में आपातकालीन सेवाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी गाड़ियों के चौक पर पहुंचने की स्थिति में सिस्टम उन्हें प्राथमिकता देते हुए ग्रीन सिग्नल उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इससे आपातकालीन वाहनों को ट्रैफिक में फंसने से बचाया जा सकेगा।

नगर निगम की इस योजना के तहत आने वाले समय में शहर के 42 प्रमुख चौकों पर यह आधुनिक व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रोजैक्ट पूरा होने के बाद जालंधर की ट्रैफिक व्यवस्था को रियल टाइम ट्रैफिक के हिसाब से संचालित करने में मदद मिलेगी और शहरवासियों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!