जालंधर में कल यह बाजार रहेगा बंद!  500 से ज्यादा परिवारों की रोजी-रोटी पर मंडरा रहा संकट

Edited By Urmila,Updated: 20 Jul, 2026 12:25 PM

this market in jalandhar will remain closed tomorrow

कमेटी का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि ऐसा समाधान चाहते हैं जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार प्रभावित न हो।

जालंधर (खुराना): गुरु नानक पुरा मार्केट एवं रेजिडेंट्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने गुरुनानकपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज के विरोध में 21 जुलाई, मंगलवार को सुबह 3 घंटे के लिए गुरु नानक पुरा बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है।

कमेटी का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि ऐसा समाधान चाहते हैं जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार प्रभावित न हो। इसलिए उनकी मांग है कि यहां ओवर ब्रिज की जगह रेलवे अंडर ब्रिज (आर.यू.बी.) बनाया जाए।

कमेटी के अनुसार 11 जुलाई को क्षेत्र के लोगों ने डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई थीं। इसके अगले दिन 12 जुलाई को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से भी मुलाकात की गई थी। उस समय उन्होंने क्षेत्र का दौरा करने और लोगों की राय के बिना कोई फैसला न लेने का आश्वासन दिया था। हालांकि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्रशासन या रेलवे की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रविवार को बैठक कर आंदोलन का फैसला लिया गया।

कमेटी का कहना है कि प्रस्तावित पुल बनने के बाद सर्विस लेन की चौड़ाई करीब साढ़े तीन मीटर रह जाएगी, जिससे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल बसों और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत आएगी। इसके अलावा गुरु नानक पुरा की कई गलियों का मुख्य रास्ता भी प्रभावित होगा।

कमेटी का दावा है कि इस प्रोजैक्ट से 500 से अधिक परिवारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। उनका कहना है कि यदि लंबा फ्लाईओवर बनता है तो उसके दोनों ओर स्थित सैकड़ों दुकानें ग्राहकों की पहुंच से दूर हो जाएंगी, जिससे व्यापार पर गंभीर असर पड़ेगा।

कुछ दुकानदारों ने उदाहरण देते हुए कहा कि लद्देवाली रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर बनने के बाद पुल के नीचे और आसपास का बाजार पहले जैसा नहीं रहा। वहां सभी दुकानों का कारोबार प्रभावित हुआ और क्षेत्र की प्रॉपर्टी के मूल्य में भारी गिरावट आई। उनका कहना है कि यदि गुरु नानक पुरा में भी इसी प्रकार लंबा ओवर ब्रिज बनाया गया तो यहां भी बाजार और व्यापार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कमेटी ने सुझाव दिया कि जालंधर के धन्नोवाली एरिया की तरह यहां भी रेलवे अंडर ब्रिज (आर.यू.बी.) बनाया जाए, ताकि रेलवे क्रॉसिंग की समस्या भी दूर हो और स्थानीय लोगों का आवागमन व कारोबार भी सुरक्षित रहे।

संयुक्त एक्शन कमेटी ने बताया कि 21 जुलाई को होने वाले सांकेतिक बंद को गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, माता चिंतपूर्णी मंदिर, श्री हरि मंदिर गुरु नानक पुरा सहित विभिन्न धार्मिक संस्थाओं और बाजार के व्यापारियों का समर्थन प्राप्त है। कमेटी ने प्रशासन से मांग की कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित आर.ओ.बी. की बजाय आरयूबी के विकल्प पर गंभीरता से विचार किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!