Edited By Urmila,Updated: 30 May, 2026 12:13 PM

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके बरसी (श्रद्धांजलि कार्यक्रम) की तारीख बदलने पर फैंस से माफी मांगी है।
पंजाब डेस्क : दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके बरसी (श्रद्धांजलि कार्यक्रम) की तारीख बदलने पर फैंस से माफी मांगी है। उन्होंने इस बारे में कई जरूरी बातें शेयर कीं और भविष्य के लिए एक बड़े फैसले का ऐलान किया है।
बलकौर सिंह ने कहा कि सिद्धू की बरसी 29 मई की जगह 28 मई को मनाई गई, जिसका मुख्य कारण प्रशासनिक रुकावट थीं। उन्होंने माना कि शायद यह मैसेज सभी फैंस तक ठीक से नहीं पहुंच पाया, जिसके कारण 29 मई (जिसे वह 'काला दिन' मानते हैं) को भी बड़ी संख्या में लोग गांव मूसा पहुंचते रहे।
इस बीच, उन्होंने ऐलान किया कि अब से वह बरसी की तारीख कभी नहीं बदलेंगे, चाहे सरकारी या प्रशासनिक रुकावटें कितनी भी आएं। बलकौर सिंह ने कहा कि उन्होंने देश-विदेश में सिद्धू को दी जाने वाली श्रद्धांजलि के प्रोग्राम देखे हैं। उन्होंने खास तौर पर सिंगापुर, लंदन (गुरुद्वारा वूलविच) और पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) की संगत का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने अपने धर्म और मान्यताओं के हिसाब से सिद्धू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरी दुनिया ने सिद्धू को प्यार दिया है, उससे उन्हें लगता है कि उनका परिवार सिर्फ मूसा गांव या मानसा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह 'निक्की सिद्धू' (छोटे बेटे) को भी बताएंगे कि उनके बड़े भाई का परिवार पूरी दुनिया में फैला हुआ है और वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here