Edited By Vatika,Updated: 03 Jul, 2026 02:36 PM

थाना सलेम टाबरी क्षेत्र के अशोक नगर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।
लुधियाना (अनिल): थाना सलेम टाबरी क्षेत्र के अशोक नगर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन नकाबपोश चोर करियाना दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और दुकान के पीछे बने घर से 80 हजार रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन और एक टैबलेट चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद होने की बात सामने आई है।
पीड़ित लकी सिंह ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक उनकी दुकान के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने पहले दुकान के शटर के ताले तोड़े और फिर दुकान के रास्ते पीछे बने घर में दाखिल हो गए। उन्होंने बताया कि चोर दुकान में रखी 80 हजार रुपये की नकदी, तीन नए मोबाइल फोन, दो पुराने मोबाइल फोन और एक टैबलेट चोरी कर मौके से फरार हो गए।
लकी सिंह के अनुसार, उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके चलते वह भी अस्पताल गए हुए थे। घर में उस समय उनकी माता अकेली थीं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना थाना सलेम टाबरी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।