Edited By Vatika,Updated: 18 Jun, 2026 08:59 AM

महानगर में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले शातिर और बेखौफ चोरों का एक नया कारनामा सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले शातिर और बेखौफ चोरों का एक नया कारनामा सामने आया है। चोरों ने इस बार समाज की आस्था के केंद्र एक जैन मंदिर को अपना निशाना बनाया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर में दाखिल हुए दो अज्ञात चोरों ने वहां से भगवान शांतिनाथ जी की पवित्र चांदी की मूर्ति, पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में चांदी-कांस्य के बर्तन और गोलक को तोड़कर हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पकड़े जाने के डर से शातिर चोर मंदिर में लगा डी.वी.आर. (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गए। इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद इलाके के जैन समाज और स्थानीय निवासियों में भारी रोष और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस को दी शिकायत में सोसाइटी के प्रधान सुधीर जैन ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक ऐतिहासिक जैन मंदिर स्थित है। इस मंदिर की देखरेख और पूरा प्रबंध 'श्री श्रेयांस वल्लभ जैन सेवा सोसाइटी' द्वारा किया जाता है और वह खुद इस सोसाइटी के मौजूदा प्रधान के रूप में सेवा निभा रहे हैं। रोजाना की तरह रात को मंदिर के कपाट बंद किए गए थे। लेकिन बीती 13 और 14 जून की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने इस पवित्र स्थान की पवित्रता को भंग करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। प्रधान ने पुलिस को बताया कि सुबह जब मंदिर के कपाट खोले गए, तो अंदर की हालत देखकर हर कोई दंग रह गया। मंदिर का ताला टूटा हुआ था और मुख्य वेदी से शांतिनाथ भगवान जी की बेशकीमती चांदी की मूर्ति गायब थी। इसके अलावा चोरों ने मंदिर की रसोई और भंडार कक्ष को भी खंगाला, जहां से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इस्तेमाल होने वाली 20 प्लेटें, 20 कटोरियां और 4 बड़े कटोरे चोरी कर लिए गए। यही नहीं, चोरों ने मंदिर की मुख्य गोलक का ताला तोड़कर उसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई करीब 10 से 15 हजार रुपये की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया।
शातिर चोर इस बात से अच्छी तरह वाकिफ थे कि मंदिर के भीतर और बाहर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे हुए हैं और उनकी यह करतूत कैमरों में रिकॉर्ड हो रही है। इसीलिए अपनी पहचान छुपाने और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए आरोपियों ने बड़ी चालाकी से मंदिर परिसर के भीतर लगा डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी उखाड़ लिया और अपने साथ समेट कर रफूचक्कर हो गए।धार्मिक स्थल पर हुई इस बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे। थाना PAU की पुलिस ने मंदिर प्रबंधकों के बयानों के आधार पर दो अज्ञात चोरों के खिलाफ धार्मिक स्थल पर चोरी करने और सबूत मिटाने की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भले ही चोर अंदर का डीवीआर ले गए हैं, लेकिन इलाके के मुख्य चौकों और आसपास की दुकानों व घरों के बाहर लगे कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों का कोई सुराग हाथ लग सके।