Edited By Urmila,Updated: 09 Mar, 2026 12:44 PM

बरनाला–बठिंडा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।
तपा मंडी (गर्ग,शाम): बरनाला–बठिंडा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दर्दनाक हादसा बरनाला–बठिंडा रोड पर गांव ताजोके से थोड़ी दूरी पर धागा मिल के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ताजोके के ग्रंथी इंदरजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह अपनी पत्नी गुरमीत कौर और तीन साल की बच्ची के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बच्ची को दवाई दिलवाने के लिए रामपुरा जा रहे थे। जब वे धागा मिल से कुछ दूरी पर पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार ब्रीजा कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार काफी दूर जा गिरे और मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद इंदरजीत सिंह और गुरमीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए रामपुरा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव ताजोके के गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा बूटा सिंह और समाजसेवी परमजीत सिंह पम्मा सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गिल कलां पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार कार सवार किसी संस्कार समारोह में जाने के लिए इस मार्ग से गुजर रहे थे, लेकिन हादसे के बाद वे अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर रामपुरा अस्पताल के मोर्चरी रूम में रखवा दिया है और कार को भी कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद हादसे से गांव ताजोके में शोक की लहर फैल गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here