4 पन्ने और पूरी जिंदगी खत्म! बहू से तंग आकर सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर ने उठाया खौफनाक कदम

Edited By Kalash,Updated: 16 Jun, 2026 01:48 PM

retired inspector commits suicide

मॉडल थाना शाहकोट के अंतर्गत गांव कनियां कलां निवासी तथा पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हरभजन सिंह की कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास निगलने के बाद मौत हो गई।

शाहकोट (अर्शदीप): मॉडल थाना शाहकोट के अंतर्गत गांव कनियां कलां निवासी तथा पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हरभजन सिंह की कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास निगलने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर बहू, उसके परिजनों और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी कुलवंत कौर ने बताया कि बीती शाम उनके पति घर में अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने कथित मानसिक तनाव के चलते सल्फास निगल लिया। परिजनों और गांववासियों की मदद से उन्हें शाहकोट के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर रैफर कर दिया गया। हालांकि जालंधर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

कुलवंत कौर के अनुसार उनका बेटा अमरप्रीत सिंह न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में रहता है। उसका विवाह वर्ष 2025 में गुरदासपुर जिले के गांव पनियार निवासी नवदीप कौर के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों कुछ समय भारत में रहने के उपरांत न्यूजीलैंड लौट गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू नवदीप कौर उनके बेटे पर ऑकलैंड की नौकरी छोड़कर गिसबोर्न में बसने का दबाव बना रही थी। उनका कहना है कि बहू के परिजनों और रिश्तेदारों ने न्यूजीलैंड में उनके बेटे के साथ दुर्व्यवहार भी किया था, जिसकी शिकायत स्थानीय पुलिस को दी गई थी। वहीं दोनों पक्षों के बीच वैवाहिक विवाद का मामला न्यूजीलैंड की फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था।

कुलवंत कौर ने आरोप लगाया कि मामले के अदालत में लंबित होने के बावजूद राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उनके और उनके पति के खिलाफ बटाला में झूठा मामला दर्ज करवाया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्हें अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी थी। उनके अनुसार वह और उनके पति 10 जून को ही न्यूजीलैंड से भारत लौटे थे ताकि संबंधित मामले की जांच में शामिल हो सकें। पिछले लगभग एक वर्ष से चल रहे विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके पति गहरे तनाव में थे।

कुलवंत कौर ने न्याय की मांग करते हुए डी.एस.पी. शाहकोट सरवण सिंह बल्ल को 4 पन्नों का सुसाइड नोट सौंपा है, जिसे कथित तौर पर हरभजन सिंह ने अपनी मृत्यु से पूर्व लिखा था। सुसाइड नोट में बहू, उसके मायके पक्ष और कुछ रिश्तेदारों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। डी.एस.पी. सरवण सिंह बल्ल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल नकोदर भेज दिया है। मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर नवदीप कौर सहित कई नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!