Edited By Urmila,Updated: 21 Jun, 2026 10:02 AM

जनकपुरी इलाके में अपराधियों और नशा तस्करों का खौफ इस कदर बढ़ चुका है कि अब आम जनता का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है।
लुधियाना (राज): जनकपुरी इलाके में अपराधियों और नशा तस्करों का खौफ इस कदर बढ़ चुका है कि अब आम जनता का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है। तीन दिन पहले गली नंबर 6 और 7 में बाइक सवार हुड़दंगियों द्वारा मचाए गए उत्पाद के बाद अब शनिवार देर रात एक और दिल दहला देने वाली हिंसक वारदात सामने आई है। जनकपुरी मेन मार्केट में सरेआम गुंडागर्दी दिखाते हुए कुछ हमलावरों ने एक फल विक्रेता पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। तलवार का वार इतना भयानक था कि पीड़ित की कलाई की हड्डी तक कट गई। इस खूनी वारदात और इलाके में लगातार बढ़ रहे अपराध से गुस्साए सैकड़ों लोगों ने आधी रात को ढोलेवाल पुल पर हाईवे जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, जनकपुरी मेन मार्केट में फल की रेहड़ी लगाने वाले सत्यम की दुकान के पास देर रात कुछ युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और झगड़ा चल रहा था। वहां बढ़ रहे हंगामे को देख फल विक्रेता सत्यम ने इंसानियत के नाते दोनों पक्षों को झगड़ा खत्म कर वहां से आगे जाने के लिए कह दिया। सत्यम का इतना कहना ही था कि नशे में धुत एक गुट के सिरफिरे युवक उस पर बुरी तरह भड़क गए। आरोपियों ने तैश में आकर अपनी तलवारें निकाल लीं और सत्यम पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। एक तीखा वार सीधे सत्यम के हाथ की कलाई पर लगा, जिससे उसकी कलाई की हड्डी बुरी तरह कट गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
दबंगों ने इतने पर ही बस नहीं किया, उन्होंने सत्यम की रेहड़ी को बीच सड़क पर पलट दिया और पास ही खड़े एक अन्य फल विक्रेता की रेहड़ी को आग के हवाले कर दिया।
चश्मदीदों के मुताबिक, मार्केट में खूनखराबा करने के बाद कुछ हमलावर तो मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ बदमाश आसपास की रिहायशी गलियों में घुस गए। वहां उन्होंने सरेआम नंगी तलवारें लहराते हुए लोगों के घरों के बाहर जमकर आतंक मचाया।
गली नंबर-11 के निवासी प्रिंस शर्मा सोनू ने बताया कि देर रात गली में शोर सुनकर जब उन्होंने घर से बाहर झांका, तो वहां मौजूद संदिग्ध बदमाश उन्हें गंदी-गंदी गालियां देने लगे। डर के मारे जब प्रिंस ने अपने घर का मुख्य गेट बंद कर लिया, तो खूंखार बदमाशों ने उनके गेट पर तलवारें मारनी शुरू कर दीं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। इलाका निवासी प्रिंस और गग्गी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में खुलेआम 'चिट्टा' बिक रहा है, जिसके चलते नशेड़ी तत्व चंद पैसों के लिए किसी की भी जान लेने पर उतारू रहते हैं।
इस खूनी तांडव और पुलिस की ढीली कार्यशैली से नाराज इलाका निवासियों का गुस्सा रात करीब एक बजे फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने ढोलेवाल पुल पर पहुंचकर मुख्य हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आधी रात के सन्नाटे में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया और जनकपुरी चौकी इंचार्ज धर्मपाल व थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ जसवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के सामने हाथ जोड़कर उन्हें शांत कराया और भरोसा दिया कि रविवार शाम 6 बजे तक सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद लोगों ने जाम तो खोल दिया, लेकिन पुलिस को कड़ा अल्टीमेटम दिया है कि यदि तय समय तक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया गया और इलाके में चिट्टे की बिक्री बंद न हुई, तो वे दोबारा हाईवे जाम कर इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। फिलहाल घायल सत्यम को गंभीर हालत में अस्पताल दाखिल करवाया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलवारबाजों की पहचान करने में जुटी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here