Edited By Kamini,Updated: 07 Apr, 2026 07:01 PM

सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ला में ड्रग्स ने एक ही परिवार के 5 बेटों की जान ले ली।
सुल्तानपुर लोधी : सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ला में ड्रग्स ने एक ही परिवार के 5 बेटों की जान ले ली। परिवार के 4 लड़कों की ड्रग्स की वजह से पहले ही मौत हो चुकी थी और आज 5वें बेटे की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पीड़ित मंजीत कौर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इससे पहले, 5 बेटों की मां मंजीत कौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहा था जिसमें उसने ड्रग्स की वजह से अपने 4 बेटों की मौत की बात कही थी और 5वें बेटे को बचाने की अपील की थी। इसके साथ ही, उसने इलाके में ड्रग्स की बिक्री पर भी बात की और ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की थी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मंजीत कौर के 5वें बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया और आज उस इलाके में CASO ऑपरेशन भी किया गया जहां मंजीत कौर रहती है। आज देर शाम मंजीत कौर के 5वें बेटे की भी अस्पातल में इलाज दौरान मौत हो गई। अपने 30 साल के बेटे सोनू के पास खड़ी मंजीत कौर ने रोते हुए कहा था, "मैं पांच बेटों की मां थी। मैंने उनमें से 4 को चिट्टे के कारण खो दिया है और मुझे नहीं पता कि 5वां कब तक जिएगा। हमने 3 दिन से कुछ नहीं खाया है। उसकी हालत देखो।" सोनू बिस्तर पर लेटा हुआ था, उसका शरीर हड्डियों की मुट्ठ बन गया है।
मोहल्ले में ड्रग्स की ब्रिकी रोकने की अपील
इस पीड़ित मां ने आरोप लगाते हुए कहा था कि उसके घर से चंद कदम की दूरी पर ही ड्रग्स आसानी से मिल जाते हैं। उसने कहा कि मोहल्ले में खुलेआम चिट्टा बिक रहा है, जबकि इस इलाके की सांझी दीवार सुल्तानपुर लोधी थाने से लगती है। सिर्फ मनजीत कौर ही नहीं, बल्कि 4-5 और महिलाओं ने भी कहा कि इलाके में फैले ड्रग्स की वजह से उन्होंने अपने बेटों को खो दिया है। स्थानीय महिलाओं ने भी पुलिस से ड्रग्स की बिक्री रोकने और उनके बच्चों को बचाने की अपील की है। लगातार हो रही नौजवानों की मौतों की वजह से कई बहुएं गांव छोड़कर चली गई हैं। बुजुर्ग महिलाएं अब अपने पोते-पोतियों की देखभाल करने को मजबूर हैं। कई परिवारों ने तो अपने बेटों को नशा छुड़ाओ केंद्रों भी भेज दिया, लेकिन घर लौटने पर वे फिर से ड्रग्स के दलदल में फंस गए।
वहीं एस.एस.पी. गौरव तूरा ने बाताया था कि, जांच में पता चला है कि उसके एक बेटे की मौत करीब 8 साल पहले शायद ड्रग्स के ओवरडोज की वजह से हुई थी। एक बेटे की मौत करीब 7 साल पहले आग लगने/जलने से हुई थी, जबकि एक बेटे की मौत 7 साल पहले जेल में हुई थी (उस पर 2 क्रिमिनल केस थे, जिनमें से एक एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत था)। इसी तरह, एक बेटे की मौत 2 साल पहले शायद लिवर फेलियर (लंबे समय तक शराब पीने की आदत) की वजह से हुई थी। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि मौजूदा बेटे को कई हेल्थ प्रॉब्लम थी। उसके खिलाफ 2023 में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था, जिसमें उसे ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था और उसी केस में 29.11.2025 को कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here