पंजाब में LGP गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद! आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने के आसार

Edited By Kalash,Updated: 10 Mar, 2026 11:14 AM

punjab lpg cylinder supply close

देश भर में पैट्रोल-डीजल और एल.पी.जी. गैस की भारी किल्लत पैदा हो गई है।

लुधियाना (खुराना): अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान सहित दर्जनों खाड़ी देशों पर किए जा रहे जानलेवा हमलों के बाद अब देश भर में पैट्रोल-डीजल और एल.पी.जी. गैस की भारी किल्लत पैदा हो गई है। मौजूदा हालात कुछ यूं बन चुके हैं कि देश की तीनों प्रमुख गैस कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी गई है जिसके कारण पंजाब की औद्योगिक नगरी के कारोबार पर भी संकट के बादल मंडराने लगे। ऐसे में आने वाले दिनों में हालात बिगड़ने की संभावना बढ़ने लगी है।

केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय सहित गैस कंपनियों के द्वारा जहां घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई देने के लिए कई तरह के नियम और शर्तें लागू की गई हैं वहीं 5, 19 और 425 किलोग्राम वाले जंबो कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने के कारण व्यापारिक संस्थानों सहित औद्योगिक घरानों में भी बड़े संकट पैदा होने की संभावना बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि गैस कंपनियों के प्लांट्स पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों का कोटा भरने के लिए गाड़ियों की बड़ी लाइन लगी हुई है जबकि कंपनियों द्वारा डीलरों को कोरा जवाब देकर सप्लाई देने से हाथ खड़े कर दिए गए हैं जिसके चलते सिस्टम पूरी तरह से तहस-नहस पड़ने का संकट तेजी के साथ बढ़ने की संभावनाएं बनती जा रही हैं, जो कि आने वाले दिनों में आम लोगों के साथ ही बड़े औद्योगिक घरानों की आर्थिक और व्यापारिक दशा पर बड़ी मार मारेगा और वहीं बेरोजगारी बढ़ने से देशभर में एक बार फिर से कोरोना महामारी जैसे गंभीर हालात पैदा कर सकता है।

घरेलू गैस की आपूर्ति के लिए मची हाहाकार 

सोमवार की सुबह 9 बजे से लेकर देर शाम तक गैस एजेंसियों के कार्यालयों पर गैस सिलेंडर भरवाने वाले उपभोक्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला और लोग एक गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए कई तरह की सिफारिशों का जुगाड़ लगाते नजर आए। हालांकि इस बीच जब डीलरों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अपनी बेबसी जाहिर की तो कई एजेंसियों पर उपभोक्ता डीलरों के साथ बहसबाजी करने पर उतर आए। वहीं दूसरी ओर शहर भर के विभिन्न गली मोहल्लों में घरेलू गैस की कालाबाजारी और पलटी का कारोबार करने वाले माफिया को भी दो नंबर में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं मिलने के कारण हाहाकार मची रही जिसके कारण गैस माफिया के लगभग सभी अड्डे बंद हो गए हैं।

अरुण इंडेन गैस सर्विस के प्रमुख अरुण अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बिल्कुल बंद कर दी गई है। अरुण अग्रवाल ने बताया कि औद्योगिक शहर में लगभग 80 फीसदी इंडस्ट्री की मशीनरी और माल की प्रोडक्शन का काम एल.पी.जी. गैस के इस्तेमाल पर निर्भर करती है ऐसे में इंडस्ट्री को गैस की सप्लाई न मिलने के कारण लुधियाना का कारोबार बड़े पैमाने पर प्रभावित हो रहा है। वहीं होटल इंडस्ट्री, रेस्टोरेंट और ढाबा चेन से संबंधित कारोबार पर भी संकट के बादल छाए हुए हैं। अरुण अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्रालय द्वारा केवल अस्पतालों में बनने वाले मरीजों के खाने सहित रेलवे की पैंट्री में तैयार होने वाले भोजन के लिए कमर्शियल गैस की सप्लाई मुहैया करवाई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!