Edited By Kalash,Updated: 20 Oct, 2026 05:36 PM

पंजाब में सरकारी बसों में सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर सामने आई है।
चंडीगढ़ (अंकुर तांगड़ी): पंजाब में सरकारी बसों में सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। दरअसल पंजाब रोडवेज, PRTC और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। कर्मचारी जत्थेबंदी का कहना है कि सरकार लंबे समय से मीटिंग के दौरान मांगें मानने का भरोसा दे रही है, लेकिन उन्हें असली रूप नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। हड़ताल के मद्देनजर 20 अक्टूबर की दोपहर से ही बसों को रात की ड्यूटी के लिए बाहर न भेजने और उन्हें वापस लाने की प्रक्रिया की शुरू किए जाने की बात कही गई है।
पंजाब रोडवेज, PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई बार मीटिंग हो चुकी हैं। हर बार सरकार कुछ दिनों का समय मांगकर मामले को टाल देती है। उनके मुताबिक ट्रांसपोर्ट विभाग से संबंधित मांगों को लेकर पिछले 6 महीने में सात से आठ मीटिंग हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में आउटसोर्सिंग प्रथा खत्म करना और ठेकेदारों और बिचौलियों की भूमिका खत्म करना शामिल है। रेशम सिंह गिल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा था कि ठेकेदारों को बीच से हटा कर कर्मचारियों को सीधे सरकार के अधीन लाया जाएगा पर यूनियन का दावा है कि अभी तक इस संबंध में उम्मीद के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को एक साफ नोटिफिकेशन जारी करना चाहिए, जिसके जरिए ठेकेदारों और बिचौलियों की भूमिका खत्म को कर्मचारियों को सीधे डिपार्टमेंट के अधीन कर दिया जाएगा। हड़ताल को देखते हुए 21 अक्टूबर से सरकारी बसों में सफर करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here