सरेआम नशा बेच रहे युवक को लोगों ने रंगे हाथ दबोचा, वीडियो वायरल

Edited By Vatika,Updated: 18 Aug, 2026 04:46 PM

public awakened by the impact of punjab kesari

नशे के काले कारोबार के खिलाफ पंजाब केसरी द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज का बड़ा असर ...

लुधियाना, (राज) : नशे के काले कारोबार के खिलाफ पंजाब केसरी द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज का बड़ा असर देखने को मिला है। ताजपुर रोड स्थित नशे के खिलाफ बदनाम बिहारी कॉलोनी में बिकने वाले नशे के खिलाफ प्रशासन को जगाने और जनता को जागरूक करने के लिए प्रकाशित की जा रही खबरों के बाद जहां पुलिस मुस्तैद हुई है, वहीं स्थानीय निवासी भी लामबंद हो गए हैं। इसी जागरूकता के चलते इलाके में सरेआम नशा बेचने पहुंचे एक तस्कर को मोहल्ला निवासियों ने रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से नशीले पदार्थ की पुडिय़ां और नकदी बरामद हुई, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बिहारी कॉलोनी में एक संदिग्ध युवक पैदल घूम रहा था और उसके आसपास नशेडिय़ों का जमावड़ा लगा हुआ था। युवक खुलेआम नशीली पुडिय़ां बेच रहा था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जागरूक मोहल्ला निवासियों ने उसे मौके पर ही घेर लिया। पहले तो आरोपी टालमटोल कर भागने की फिराक में था, लेकिन जब लोगों ने सख्ती दिखाते हुए धुनाई कर उसकी तलाशी ली, तो उसकी जेब से नशीले पदार्थ की पुडिय़ां बरामद हुईं। इसके बाद मोहल्ला निवासी पकड़े गए आरोपी को तुरंत स्थानीय विधायक के कार्यालय ले गए। वहां मौजूद लोगों के सामने जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो उसकी जेबों से नशा बेचकर जुटाई गई ड्रग मनी भी बरामद हुई। स्थानीय लोगों ने पूरी बरामदगी की वीडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में आरोपी के पास से नशीली पुडिय़ां और नकदी स्पष्ट रूप से निकलती दिखाई दे रही है। पुलिस आरोपी को पकड़ कर उससे पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

पुलिस छापों के बावजूद बेखौफ घूम रहे तस्कर :
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन पहले भी कई बार बिहारी कॉलोनी में नशा तस्करों के खिलाफ छापेमारी कर मामले दर्ज कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद हैं और वे युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने से बाज नहीं आ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इलाके में पक्के तौर पर पुलिस पिकेट स्थापित की जाए ताकि नशा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लग सके।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!