Edited By Urmila,Updated: 01 Feb, 2026 09:05 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी (रविवार) को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 4:30 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे।
जालंधर (गुलशन) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी (रविवार) को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 4:30 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे। वे वहां पर श्री गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लेंगे। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल धार्मिक आयोजन में शामिल होने का है लेकिन राजनीतिक गलियारों में प्रधानमंत्री की इस फेरी को काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में संत निरंजन दास जी को केंद्र सरकार द्वारा पदम श्री देने की भी घोषणा की गई है।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं पुलिस की आलाधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त कर रहे हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव, स्पेशल डीजीपी राम सिंह, राजपाल संधू , सुखचैन सिंह गिल के अतिरिक्त जिले के डिप्टी कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर भी डेरा सचखंड बल्लां का दौरा करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। डीजीपी ने अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार बाद दोपहर आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वे डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे। वहां पर उपस्थित संगत को करीब 10 मिनट तक वह संबोधित करेंगे। सूचना के मुताबिक प्रधानमंत्री इस दौरान डेरे के कुछ पदाधिकारियों व भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद वे सीधा हेलीकॉप्टर से आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
शनिवार को भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, जीवन गुप्ता, राजेश बाघा, जिला प्रधान सुशील शर्मा, महामंत्री राजेश कपूर, अशोक सरीन हिक्की, प्रशांत गंभीर सहित कई नेता डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे और चल रही तैयारी का जायजा लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here