Edited By Kamini,Updated: 21 Aug, 2026 10:56 AM

शहर के सुंदर नगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब फरीदकोट एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम ने एक वांछित गैंगस्टर का पीछा करते हुए उसे नाटकीय अंदाज में धर दबोचा।
लुधियाना (राज): शहर के सुंदर नगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब फरीदकोट एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम ने एक वांछित गैंगस्टर का पीछा करते हुए उसे नाटकीय अंदाज में धर दबोचा। भागने के प्रयास में तेज रफ्तार थार गाड़ी चला रहे गैंगस्टर ने बुड्ढा दरिया के पास एक राहगीर को बुरी तरह कुचल दिया। AGTF की टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह और उसके साथियों को मौके पर काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, फरीदकोट AGTF की टीम एक संगीन मामले में वांछित गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह की तलाश में लुधियाना पहुंची थी। टास्क फोर्स की 3 गाड़ियों गैंगस्टर की थार गाड़ी का लगातार पीछा कर रही थीं। खुद को पुलिस से घिरता देख गैंगस्टर ने सुंदर नगर इलाके की संकरी और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। भागम-भाग के दौरान बुड्ढा दरिया के नजदीक गैंगस्टर ने लापरवाही और तेजी से गाड़ी भगाते हुए सड़क से गुजर रहे एक राहगीर को सीधी टक्कर मार दी और उसे कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद AGTF के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए अपनी गाड़ियों से थार को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया और गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन के दौरान उसके कुछ अन्य साथियों को भी टीम ने हिरासत में ले लिया है। घटना के तुरंत बाद AGTF ने स्थानीय लुधियाना पुलिस से संपर्क साधकर मौके पर बुलाया। इलाका पुलिस की मदद से खून से लथपथ घायल राहगीर को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने आरोपी की थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। लुधियाना पुलिस और AGTF की टीमें अब पकड़े गए गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह और उसके साथियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here