Edited By Urmila,Updated: 31 Oct, 2026 05:43 PM

निकटवर्ती गांव धर्मपुरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है।
अबोहर (अनिल) : निकटवर्ती गांव धर्मपुरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक के शरीर और मुंह पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक साहिल पुत्र गुरभगवान के दादा बलकरण ने बताया कि शुक्रवार दोपहर साहिल को उसका एक दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में उसी युवक ने परिवार को सूचना दी कि साहिल का शव नहर के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो साहिल का शव नहर किनारे खेतों में पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार उसके मुंह और शरीर पर चोटों के निशान थे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बताया जाता है कि पुलिस ने घर से साहिल को बुलाकर ले जाने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर मृतक के परिजनों ने भी अस्पताल पहुंचकर रोष जताया और इंसाफ की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here