Edited By Vatika,Updated: 03 Aug, 2026 04:26 PM

शहर में नशे के कारोबार को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला का कथित तौर पर...
बठिंडा (विजय वर्मा): शहर में नशे के कारोबार को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला का कथित तौर पर सरेआम ‘चिट्टा’ बेचते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो ने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी। मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए देर रात महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वीडियो वायरल होते ही जागा पुलिस महकमा
वायरल वीडियो में महिला कथित तौर पर नशे की बिक्री करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद लोगों में चर्चा शुरू हो गई कि आखिर शहर में नशे का कारोबार किस हद तक पैर पसार चुका है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित महिला लंबे समय से इलाके में नशीले पदार्थों की कथित बिक्री कर रही थी। लोगों का यह भी कहना है कि यदि वायरल वीडियो सामने नहीं आता तो शायद यह मामला पुलिस की नजर से दूर ही रहता। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे और लोगों ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त एवं लगातार कार्रवाई की मांग उठाई।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रातोंरात कार्रवाई
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो का मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आते ही थाना कोतवाली पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अब पुलिस खंगालेगी पूरा नेटवर्क
महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने अगली चुनौती कथित नशा सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला के संपर्क में कौन-कौन लोग थे, उसे नशे की सप्लाई कहां से मिलती थी और इस कथित कारोबार में उसके साथ अन्य कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो ने फिलहाल एक महिला को जेल पहुंचा दिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि बठिंडा में नशे का यह कथित नेटवर्क आखिर कितनी गहराई तक फैला हुआ है और इसके पीछे असली सप्लायर कौन हैं?