Edited By Vatika,Updated: 02 Jun, 2026 09:36 AM

महानगर में अमन-कानून की स्थिति को और मजबूत करने तथा व्यापारिक जगत की सुरक्षा को
लुधियाना (राज): महानगर में अमन-कानून की स्थिति को और मजबूत करने तथा व्यापारिक जगत की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक विशेष पहल की गई है। इसके तहत पुलिस लाइंस में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स. स्वपन शर्मा, की अध्यक्षता में शहर की विभिन्न ट्रेडर्स एसोसिएशनों के नुमाइंदों के साथ एक अहम और संवादात्मक बैठक आयोजित की गई।
ट्रैफिक जाम जैसी गंभीर चुनौतियों की ओर पुलिस का ध्यान आकर्षित
इस बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यापारी नेताओं के साथ-साथ पुलिस के आला अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर के सामने रखीं। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्य रूप से बाजारों में होने वाली चोरियों, स्नैचिंग की वारदातों, व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास मंडराने वाले संदिग्ध तत्वों, पार्किंग की किल्लत और ट्रैफिक जाम जैसी गंभीर चुनौतियों की ओर पुलिस का ध्यान आकर्षित किया। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने व्यापारियों की तमाम बातों और सुझावों को बेहद ध्यान से सुना और उन्हें पूरा भरोसा दिलाया कि इन सभी जायज समस्याओं का जल्द ही ठोस निवारण किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों से की अपील
व्यापारियों को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने साफ कहा कि शहर में अमन-शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता और खासकर व्यापारिक वर्ग की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारी समाज एक सुरक्षित माहौल तैयार करने के लिए एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपने आस-पास पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध हलचल, आपराधिक गतिविधि या ट्रैफिक जाम की सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। समय पर मिली जानकारी बड़ी वारदातों को टालने में मददगार साबित होती है।
व्यापारियों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की
कमिश्नर ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने की नसीहत देते हुए कहा कि बाजारों और दुकानों में हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं और उनकी समय-समय पर मेंटेनेंस सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा बाजारों में रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने और दुकानों पर काम करने वाले मुलाजिमों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे मार्केट एसोसिएशनों के साथ लगातार संपर्क में रहें ताकि व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा सके। बैठक के अंत में व्यापारियों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की और लुधियाना को सुरक्षित व समृद्ध बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।