Edited By Kalash,Updated: 22 Jun, 2026 11:37 AM

एम.बी.बी.एस. और बी.डी.एस. में दाखिला का सपना संजोए विद्यार्थियों के लिए कल का दिन काफी अहम रहा।
लुधियाना (विक्की): एम.बी.बी.एस. और बी.डी.एस. में दाखिला का सपना संजोए विद्यार्थियों के लिए कल का दिन काफी अहम रहा। 3 मई को हुए पेपर लीक के दर्द और उसके बाद पूरे देश में मचे बवाल को पीछे छोड़ते हुए, नैशनल टैस्टिंग एजैंसी (एन.टी.ए.) ने कल नीट-यू.जी. की दोबारा परीक्षा करवाई। पिछली बार हुई भारी फजीहत और विद्यार्थियों के टूटे भरोसे के बाद एन.टी.ए. इस बार किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में बिल्कुल नहीं था। हालात ऐसे थे कि परीक्षा केंद्रों को किसी अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया था।
शहर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर हुई इस परीक्षा में इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे और परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा केंद्र में दाखिले से पहले सुरक्षा कर्मी एक-एक दस्तावेज को बेहद बारीकी से चेक करते हुए नजर आए। नियमों की सख्ती का आलम यह था कि सख्त चैकिंग के दौरान एक छात्रा को अपने ईयररिंग (कान की बालियां) तक उतारने पड़े। वहीं परीक्षा केंद्र के बाहर भारी संख्या में परीक्षार्थियों के परिजन परीक्षा खत्म होने का बेसब्री से इंतजार करते दिखे। नकल और धांधली के काले साये को इस अहम परीक्षा से दूर रखने के लिए इस बार तैयारियां बेमिसाल थीं। दोपहर 2 बजे से शुरू होई यह परीक्षा शाम 5.15 बजे तक चली। विद्यार्थियों की सहूलियत का ध्यान रखते हुए 15 मिनट का अतिरिक्त वक्त भी दिया गया था।
3 मुख्य विषयों में करवाई करवाई दिमागी कसरत
जैसे ही शाम को परीक्षा खत्म हुई और सैंटर्स के दरवाजे खुले तो बाहर निकलते विद्यार्थियों के चेहरों पर मिले-जुले भाव साफ पढ़े जा सकते थे। ज्यादातर विद्यार्थियों का मानना था कि इस बार पेपर का मिजाज थोड़ा बदला हुआ था और 3 मुख्य विषयों फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बायो के पेपर ने विद्यार्थियों के पसीने छुड़ा दिए। परीक्षा देकर बाहर आए विद्यार्थी राहुल ने बताया कि पेपर काफी अच्छा था, बस फिजिक्स के सैक्शन ने थोड़ा घुमाया। एक अन्य परीक्षार्थी कुनाल ने बताया कि पेपर का स्तर आसान से मध्यम के बीच था। हालांकि बायोलॉजी ने कुछ राहत दी लेकिन पिछली बार के मुकाबले सवालों ने अच्छी-खासी दिमागी कसरत करवाई।
पिछली परीक्षा के मुकाबले ज्यादा मुश्किल लगा पेपर
परीक्षा देकर निकले विद्यार्थी सारंग ने कहा कि पहली परीक्षा के मुकाबले यह पेपर ज्यादा मुश्किल था। फिजिक्स और कैमिस्ट्री ने असल मायने में पसीने छुड़ा दिए। एक अन्य छात्रा अमनप्रीत के मुताबिक बायोलॉजी आसान थी और बाकी दोनों विषय मध्यम स्तर के थे लेकिन उन्हें 3 मई वाला पेपर इसके मुकाबले ज्यादा बेहतर और आसान लगा था। विद्यार्थी अमित ने बताया कि परीक्षा का स्तर मॉडरेट था। फिजिक्स के सवाल काफी लंबे थे। यह पिछली बार से थोड़ा मुश्किल जरूर लगा।
लुधियाना में 15 परीक्षा केंद्रों पर 5268 में से 726 परीक्षार्थी रहे गैर-हाजिर
शहर में बनाए गये 15 परीक्षा केंद्रों पर आज री-नीट परीक्षा करवाई गई जिसमें कुल 5268 उम्मीदवारों में से 4542 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 726 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा गया जिसके लिए सेंटर्स पर कैमरे और जैमर्स भी चालू हालत में लगाए गए थे। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here