Edited By Subhash Kapoor,Updated: 17 Oct, 2026 11:08 PM

बीते दिनों नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एन.सी.बी.) और सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के संयुक्त अभियान के दौरान 15 किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार किए गए पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह की निशानदेही पर 10 किलो और हैरोइन बरामद होने का समाचार है।
तरनतारन (रमन) : बीते दिनों 15 किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार किए गए पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह की निशानदेही पर 10 किलो और हैरोइन बरामद होने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम एन.सी.बी. की टीम ने आरोपी के पैतृक गांव भूसे में दबिश देकर गांव में स्थित एक टावर के नजदीक छिपाकर रखी गई हैरोइन बरामद की है। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। हालांकि, इस नई बरामदगी को लेकर फिलहाल किसी भी संबंधित अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बी.एस.एफ. की 115वीं बटालियन और एन.सी.बी. की संयुक्त टीम ने बीते दिनों सीमावर्ती गांव लहियां के नजदीक नाकाबंदी के दौरान पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर वापस लौट रहा था। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 3 पैकेटों में रखी कुल 15 किलो हैरोइन के अलावा एक रिवॉल्वर, 5 जिंदा कारतूस, करीब 7 हजार रुपए की नकदी, 2 मोबाइल फोन, 5 पहचान पत्र, ए.टी.एम. कार्ड, एक डोंगल और मोबाइल चार्जर बरामद किए गए थे।
गिरफ्तार हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह एंटी ड्रोन सिस्टम में तैनात था। गिरफ्तारी के बाद एन.सी.बी. ने आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी थी। इसके साथ ही उसके कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े संभावित नैटवर्क का पता लगाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार जांच एजैंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के तार किन-किन नशा तस्करों से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हैरोइन की खेपों से उसका कोई संबंध रहा है या नहीं तथा नशीले पदार्थों की आगे सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी, इन तमाम पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।
इसी जांच के दौरान शनिवार शाम एन.सी.बी. की टीम आरोपी करणबीर सिंह को लेकर उसके पैतृक गांव भूसे पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर गांव में मौजूद एक टावर के नजदीक छिपाकर रखी गई 10 किलो हैरोइन की खेप बरामद की गई। बताया जा रहा है कि एन.सी.बी. की ओर से इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, जिसकी भनक स्थानीय पुलिस तक को नहीं लगने दी गई। सूत्रों का दावा है कि इस ताजा बरामदगी के बाद मामले में पकड़ी गई हैरोइन की कुल मात्रा 25 किलो तक पहुंच गई है। हालांकि, अतिरिक्त 10 किलो हैरोइन की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।