Edited By Vatika,Updated: 06 Nov, 2026 12:12 PM

रोपड़ जिले की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है
रोपड़ (कुलदीप): रोपड़ जिले की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले में अच्छी राजनीतिक पकड़ रखने वाले इस पूर्व विधायक के कांग्रेस में आने को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में अगले कुछ दिनों में यह राजनीतिक बदलाव हो सकता है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों का दावा है कि इस संभावित घटनाक्रम को लेकर पिछले काफी समय से पर्दे के पीछे बातचीत चल रही थी।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच रोपड़ जिले के एक प्रमुख कांग्रेस नेता को इस प्रक्रिया से दूर रखे जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, इस नेता पर आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने रोपड़ विधानसभा क्षेत्र में विपक्षी दलों के उम्मीदवारों का साथ दिया और कांग्रेस के हितों के विपरीत काम किया। विपक्षी उम्मीदवारों के साथ उनके कथित करीबी संबंधों को भी इसकी वजह बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़ी रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह तक भी पहुंच चुकी है। हालांकि, इन चर्चाओं और दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।