लुधियाना में 'घर का भेदी' निकला चोर! मालिक की गैर-मौजूदगी में दादी के गहने और नकदी उड़ाई, 2 गिरफ्तार

Edited By Vatika,Updated: 22 Jun, 2026 08:50 AM

ludhiana robbery

महानगर के गांधी नगर मार्केट इलाके में 'घर के भेदी' द्वारा ही चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है।

लुधियाना(राज): महानगर के गांधी नगर मार्केट इलाके में 'घर के भेदी' द्वारा ही चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। एक सिलाई मशीन व्यापारी की दुकान पर काम करने वाले नौकर ने अपने साथी के साथ मिलकर मालिक की गैर-मौजूदगी में घर का ताला खोला और अलमारी में रखे दादी के कीमती सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित शिकायतकर्ता वंश मेहता ने बताया कि गांधी नगर मार्केट की गली नंबर 10 में उनकी सिलाई मशीनों की होलसेल की बड़ी दुकान है। उनकी इस दुकान पर साहिब राजा नाम का एक युवक बतौर कर्मचारी काम करता था, जिसे घर और दुकान के आने-जाने के रास्तों और समय की पूरी जानकारी थी। बीती 14 जून को वंश मेहता और उनके परिवार के सदस्य किसी काम के सिलसिले में घर और दुकान से बाहर गए हुए थे। परिवार की इसी गैर-मौजूदगी का फायदा उठाते हुए कलयुगी नौकर साहिब राजा ने अपने एक शातिर साथी विशाल मोरिया उर्फ लालू के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। आरोपी साहिब राजा बड़ी चालाकी से घर का ताला खोलकर अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी सीधे शिकायतकर्ता की दादी के कमरे में पहुंचे। वहां रखी एक पुरानी लोहे की अलमारी का ताला खोलकर आरोपियों ने उसमें रखे दादी के सोने के कीमती गहने और भारी मात्रा में रखी नकदी चोरी कर ली और मौके से फ़रार हो गए।

जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खुला तथा अलमारी का सामान बिखरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी से कीमती आभूषण और पैसे गायब थे। जब दुकान पर काम करने वाले साहिब राजा की भूमिका पर शक हुआ और जांच की गई, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। पीड़ित वंश मेहता ने तुरंत इस चोरी की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। दौरान-ए-तफ्तीश पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सुरागों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिब राजा और विशाल मोरिया उर्फ लालू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि उनकी निशानदेही पर दादी के चोरी हुए सोने के जेवरात और नकदी की शत-प्रतिशत बरामदगी की जा सके। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इन आरोपियों ने इससे पहले भी किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!