Edited By Kalash,Updated: 05 Apr, 2026 11:40 AM

सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के बीआरएस नगर फ्लाईओवर के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया
लुधियाना (राज): सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के बीआरएस नगर फ्लाईओवर के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया, जहां एक काले रंग की तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर मौत बनकर दौड़ी और अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए और सुरक्षा के लिए लगे एयरबैग्स तक खुल गए। पूरी गाड़ी सड़क पर उल्टी पड़ी नजर आई, जिसे देख हर कोई दंग रह गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 2:30 बजे के आसपास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गाड़ी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक उस पर काबू नहीं रख पाया। पुलिस जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस हादसे से कुछ ही देर पहले इसी काले रंग की फॉर्च्यूनर ने पीएयू (PAU) गेट के पास भी एक अन्य वाहन को टक्कर मारी थी और वहां से चालक गाड़ी भगा ले गया था। माना जा रहा है कि उसी वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से चालक गाड़ी को अंधाधुंध रफ्तार में भगा रहा था, जो अंत में हादसे का शिकार हो गई।
हैरानी की बात यह है कि इस फॉर्च्यूनर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। बिना नंबर की गाड़ी का सड़कों पर इस तरह दौड़ना और एक के बाद एक दो हादसों को अंजाम देना पुलिस के लिए पहेली बन गया है। गनीमत यह रही कि गाड़ी पलटने के बावजूद उसमें सवार इकलौता व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन गाड़ी की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह हादसा कितना भयानक हो सकता था।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि बिना नंबर की यह लग्जरी गाड़ी किसकी है और इसे कौन चला रहा था। पीएयू गेट और बीआरएस नगर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि इस 'बेनाम' फॉर्च्यूनर के मालिक का पता लगाया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here