Edited By Vatika,Updated: 10 Nov, 2026 09:24 AM

ऋषि नगर इलाके में गुंडागर्दी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है
लुधियाना, (राज): ऋषि नगर इलाके में गुंडागर्दी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिना पैसे दिए मिठाई खाने से रोकना एक हलवाई और उसके परिवार को बेहद भारी पड़ गया। स्टॉल से जबरन रसगुल्ला उठाकर खा रहे युवकों को जब दुकानदार ने टोकते हुए एतराज जताया, तो बेखौफ बदमाशों ने अपने साथियों संग मिलकर दुकानदार पर जानलेवा हमला बोल दिया।
इस खूनी हमले में मिठाई विक्रेता के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने दौड़े उसके छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी टांग व पैर का अंगूठा फ्रैक्चर कर दिया गया। वारदात के दौरान एक राहगीर ने इस खूनी खेल का पूरा वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना पीएयू की पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का संगीन मामला दर्ज कर लिया है। थाना पीएयू की पुलिस को दी शिकायत में ऋषि नगर निवासी पीड़ित दुकानदार मोहित गुप्ता ने बताया कि त्योहारी सीजन के चलते उन्होंने ग्राहकों की सुविधा के लिए अपनी दुकान के बाहर मिठाई का विशेष स्टॉल सजाया हुआ था। इसी दौरान दो स्कूटरों पर सवार होकर कुछ मनचले युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने बिना कोई खरीदारी किए सीधे स्टॉल पर जाकर ट्रे से रसगुल्ला उठाया और मुफ्त में खाने लगे। जब मोहित गुप्ता ने इस पर आपत्ति जताई और पैसे देने या ऐसा न करने को कहा, तो आरोपी तैश में आ गए और सरेआम दुकानदार के साथ भद्दी-भद्दी गालियां निकालने लगे।
दुकानदार मोहित और उसके कर्मचारियों ने जब सरेआम गाली-गलौज का विरोध किया, तो स्कूटर सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर खूनी हमला बोल दिया। हमलावरों ने मोहित के सिर पर जोरदार वार किए, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जब मोहित का छोटा भाई अपनी दुकान से दौड़कर बीच-बचाव करने पहुंचा, तो हमलावरों ने उस पर भी धावा बोल दिया। बेरहमी से की गई मारपीट के दौरान छोटे भाई के पैर पर घातक वार किए गए, जिससे उसके पैर की हड्डी व अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद एक साहसी राहगीर ने अपनी गाड़ी/साइड से इस पूरी गुंडागर्दी का लाइव वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए स्कूटरों पर सवार होकर फरार हो गए।
वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने खून से लथपथ दोनों भाइयों को संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों उपचाराधीन हैं। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी ए.एस.आई. भूपिंदर जग्गी ने बताया कि पीड़ित मोहित गुप्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुक्तसर की संधू कॉलोनी निवासी मुख्य आरोपी प्रथमजोत सिंह, उसके साथी लवप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसआई जग्गी ने बताया कि राहगीर द्वारा बनाई गई वीडियो फुटेज को जांच में शामिल किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।