Edited By Vatika,Updated: 24 Jun, 2026 10:52 AM

शहर के नूरवाला रोड स्थित ड्रीम जिम के नजदीक मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई,
लुधियाना ( गणेश / सचिन ): शहर के नूरवाला रोड स्थित ड्रीम जिम के नजदीक मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब बकाया रकम के विवाद ने अचानक खूनी रूप धारण कर लिया। कथित तौर पर 10 से 15 हथियारबंद युवकों ने एक फर्नीचर कारोबारी और उसके बड़े भाई के बेटे (भतीजे) पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया तथा कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महिला ने खरीदा था फर्नीचर का सामान
जानकारी के अनुसार कुछ समय पूर्व एक महिला द्वारा फर्नीचर का सामान खरीदा गया था, जिसकी शेष राशि किस्तों (ईएमआई) के माध्यम से जमा की जानी थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उक्त महिला किसी विवाद को लेकर फर्नीचर की दुकान पर पहुंची और वहां मौजूद परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगी। इसी दौरान कारोबारी के बड़े भाई के बेटे ने महिला को शालीनता से बातचीत करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद महिला ने फोन के माध्यम से अपने कुछ परिचित युवकों को मौके पर बुला लिया।
ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे 10 से 15 युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद करीब 10 से 15 युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार किया, जिससे किसी को उनकी मंशा पर संदेह नहीं हुआ। आरोप है कि अचानक युवकों ने अपने पास छिपाकर रखे तेजधार हथियार निकाल लिए और फर्नीचर कारोबारी तथा उसके भतीजे पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और भयावह था कि कुछ ही पलों में पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वारदात के दौरान सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जबकि आसपास मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर सहम उठे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। हमले में फर्नीचर कारोबारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया
बताया जा रहा है कि उनके सिर पर गहरी चोट आई है, जबकि हाथ और कोहनी के समीप गंभीर घाव होने के कारण चिकित्सकों को कई टांके लगाने पड़े। वहीं उनके भतीजे को भी हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं तथा गहरे घाव होने के कारण उसे भी टांके लगाए गए हैं। घटना के तुरंत बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है और चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष देखने को मिला।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी कानूनी कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां अक्सर पुलिस नाका लगा रहता है तथा नजदीक ही थाना भी स्थित है। इसके बावजूद दिनदहाड़े इस प्रकार की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार में भी भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि अब वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले वे शहर में होने वाली ऐसी घटनाओं के बारे में केवल सुनते थे, लेकिन अब उनके अपने परिवार के साथ दिनदहाड़े इस प्रकार की घटना होने से वे पूरी तरह से सहम गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने व्यस्त इलाके में पहुंचकर खुलेआम खूनी माहौल बना दिया। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। देर रात परिवार के सदस्यों ने बस्ती थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।