Edited By Kalash,Updated: 19 Mar, 2026 10:22 AM

सलेम टाबरी इलाके में 9 साल के मासूम अमन की गला रेतकर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में अब पुलिस ने हार मानकर जनता की अदालत में गुहार लगाई है।
लुधियाना (राज): सलेम टाबरी इलाके में 9 साल के मासूम अमन की गला रेतकर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में अब पुलिस ने हार मानकर जनता की अदालत में गुहार लगाई है। करीब 41 दिन बीत जाने के बाद भी जब शातिर कातिल अजय पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया, तो अब विभाग ने उसकी सूचना देने वाले के लिए 20 हजार रुपये के नकद इनाम का ऐलान कर दिया है। पुलिस का यह कदम साफ दर्शाता है कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद कासाबाद का रहने वाला यह हत्यारा पुलिस की तमाम रणनीतियों को फेल कर चुका है। शहर के मुख्य चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर आरोपी के पोस्टर भी नाममात्र के ही लगाए गए हैं, जिससे जनता में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मासूम अमन के मामा योगेश और अन्य परिजनों में पुलिस की इस कछुआ चाल को लेकर भारी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि पुलिस के पास कातिल की पहचान है, उसके पैर की खराबी का सुराग है और सीसीटीवी में वह नीले रंग की टोपी पहने साफ दिखाई दे रहा है, फिर भी खाकी उसे ढूंढने में नाकाम रही है। पुलिस अधिकारियों का तर्क है कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस केवल दूसरे राज्यों में दबिश देने का बहाना बना रही है, जबकि हकीकत में जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। मासूम के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अब सिर्फ इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कब उनके बेटे का कातिल सलाखों के पीछे होगा। पुलिस प्रशासन ने अब उम्मीद जताई है कि 20 हजार के इस इनाम के लालच में शायद कोई मुखबिर या आम नागरिक आरोपी का सुराग दे सके, जो सरेआम कानून का मजाक उड़ा रहा है। सलेम टाबरी पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा, लेकिन सवाल वही बरकरार है कि क्या महज इनाम रख देने से कातिल खुद-ब-खुद सामने आ जाएगा?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here