Edited By Kalash,Updated: 25 May, 2026 05:49 PM

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 की मार्केट में सरेआम शराब परोसने के मामले में सैक्टर-3 थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
चंडीगढ़ (वार्ता): केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 की मार्केट में सरेआम शराब परोसने के मामले में सैक्टर-3 थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में DJ मालिक राजेश सचदेवा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार सैक्टर-9 स्थित एक शराब के ठेके के बाहर नए वोदका ब्रांड की प्रमोशन के लिए एक स्टॉल लगाया गया था, जहां जामुन के फ्लेवर वाली बर्फ की चुस्की में वोदका मिला कर लोगों को मुफ्त में पिलाई जा रही थी। इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया, जिसमें स्टॉल के आसपास बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां नजर आ रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई शुरू की। हैरानी की बात यह है कि यह प्रोग्राम पुलिस हेडक्वार्टर, डी.जी.पी. दफ्तर और प्रशासक के दफ्तर से कुछ ही दूरी पर कई घंटों तक चलता रहा, लेकिन प्रशासन को इसकी खबर तक नहीं लगी। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि संबंधित शराब के ठेके के लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। हालांकि अभी तक मुख्य ठेकेदार के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई न होने से सवाल उठ रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here