Edited By Vatika,Updated: 09 Nov, 2026 01:01 PM

अंतिम संस्कार की ड्यूटी पर जा रहे पुलिस मुलाजिमों की गाड़ी ने व्यक्ति को कुचला, घायल को सड़क पर छोड़कर भागने का आरोप
एंबुलेंस कर्मियों ने पीछा कर पुलिस की गाड़ी को रुकवाया, इंसानियत से पहले गाड़ी के नुकसान की भरपाई मांगने का आरोप; बठिंडा पुलिस के...
बठिंडा (विजय वर्मा): कानून के रखवाले ही अगर सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को कथित तौर पर लावारिस छोड़कर अपनी ड्यूटी की दुहाई देते हुए निकल जाएं तो आम आदमी किससे इंसाफ की उम्मीद करेगा? बठिंडा में सामने आई एक घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और मानवीय जिम्मेदारी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मानसा में परविंदर झोटा के अंतिम संस्कार में ड्यूटी देने जा रहे पुलिस मुलाजिमों की गाड़ी ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे के बाद घायल की मदद करने के बजाय पुलिसकर्मी कथित तौर पर गाड़ी लेकर वहां से निकल गए। मामला तब सामने आया जब पीछे से आ रही एंबुलेंस में सवार लोगों ने सड़क पर घायल व्यक्ति को देखा और पुलिस की गाड़ी को मौके से जाते हुए पाया। एंबुलेंस कर्मियों ने तुरंत पुलिस की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। बताया जाता है कि पुलिस चालक ने रास्ते में लाल बत्तियां भी पार कीं, लेकिन एंबुलेंस कर्मियों ने पीछा जारी रखा और आखिरकार गाड़ी को रुकवा लिया।
घायल सड़क पर तड़पता रहा, पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर निकल पड़े!
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस की गाड़ी रुकने के बजाय वहां से रवाना हो गई। एंबुलेंस में मौजूद लोगों ने जब पुलिसकर्मियों से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने बताया कि वे फाजिल्का से मानसा ड्यूटी पर जा रहे हैं। एंबुलेंस कर्मियों ने सवाल उठाया कि हादसे में घायल व्यक्ति को सड़क पर छोड़कर जाना किस तरह उचित है? आरोप है कि घायल का हाल जानने और उसे अस्पताल पहुंचाने की चिंता करने के बजाय पुलिस मुलाजिमों ने अपनी गाड़ी को हुए नुकसान की बात शुरू कर दी और उसकी भरपाई की मांग करने लगे। यदि गाड़ी को नुकसान हुआ था तो उसकी भरपाई के लिए कानूनी रास्ता अपनाया जा सकता था, लेकिन घायल की जान और इलाज से बढ़कर वाहन का नुकसान कैसे हो सकता है।
एंबुलेंस कर्मियों ने निभाई इंसानियत, पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में एंबुलेंस कर्मियों की भूमिका सामने आई, जिन्होंने घायल को सड़क पर देखकर न केवल उसकी सुध ली, बल्कि कथित तौर पर हादसे में शामिल पुलिस की गाड़ी को रुकवाने के लिए उसका पीछा भी किया। सवाल यह है कि अगर एंबुलेंस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो घायल की मदद कौन करता?
घायल अस्पताल में भर्ती, कार्रवाई का इंतजार
हादसे में घायल व्यक्ति को बठिंडा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस मुलाजिमों के कथित रवैये को लेकर लोगों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि पुलिस विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित मुलाजिमों की भूमिका की जांच करता है या नहीं।