Edited By Subhash Kapoor,Updated: 14 May, 2026 08:30 PM

जालंधर के बस स्टैंड के पास स्थित एक टूर एंड ट्रैवल दफ्तर के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ लोगों ने ट्रैवल एजेंट पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठगने के आरोप लगाए। पीड़ितों का आरोप है कि एजेंट ने उनसे करीब 7 लाख रुपए लिए, लेकिन लंबे समय बीतने...
जालंधर : जालंधर के बस स्टैंड के पास स्थित एक टूर एंड ट्रैवल दफ्तर के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ लोगों ने ट्रैवल एजेंट पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठगने के आरोप लगाए। पीड़ितों का आरोप है कि एजेंट ने उनसे करीब 7 लाख रुपए लिए, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद न तो उन्हें विदेश भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए।
पीड़ितों ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने बेहतर भविष्य और विदेश भेजने के वादे पर उक्त ट्रैवल एजेंट को पैसे दिए थे। शुरुआत में एजेंट लगातार उन्हें भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में वह बहाने बनाकर करीब 6 महीने तक टालमटोल करता रहा। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो एजेंट ने कथित तौर पर उन्हें धमकियां देना शुरू कर दिया।
मामला बढ़ने पर पीड़ित ट्रैवल ऑफिस के बाहर इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रैवल एजेंट मौके से फरार हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रैवल ऑफिस को ताला लगा दिया और संबंधित पक्षों को थाने बुलाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।