खेल-खेल में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, Auto की चपेट में आने से मासूम की दर्दनाक मौ/त

Edited By Kamini,Updated: 26 Jun, 2026 07:39 PM

innocent child dies after being hit by an auto

महानगर के पॉश इलाके घुमार मंडी के पास से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां खेल-खेल में एक मासूम बच्चे की जान चली गई।

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके घुमार मंडी के पास से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां खेल-खेल में एक मासूम बच्चे की जान चली गई। घुमार मंडी स्थित खालसा कॉलेज के पास एक वेहड़े में रहने वाले प्रवासी परिवार के 5 वर्षीय बच्चे ने अनजाने में ऑटो स्टार्ट कर दिया, जिसके बाद अनियंत्रित हुए वाहन ने सामने खड़े उसके 11 वर्षीय सगे बड़े भाई को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस भयानक हादसे के बाद हंसते-खेलते परिवार में मातम पसर गया है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव बेंगलपुर का रहने वाला सतीश कुमार लुधियाना में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पालता है। गत दिन वीरवार दोपहर करीब 2 बजे सतीश अपना ऑटो लेकर घर लौटा था। उसने घर के बाहर ऑटो खड़ा किया, लेकिन गलती से वाहन की चाबी अंदर ही लगी छोड़ दी। इसी दौरान सतीश के भाई पिंटू के दोनों बेटे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते 5 वर्षीय छोटा बच्चा ऑटो की सीट पर बैठ गया और उसने खेल-खेल में ही चाबी घुमाकर एक्सीलेटर दबा दिया। चाबी घूमते ही ऑटो अचानक तेज झटके के साथ आगे बढ़ गया।

ऑटो इतनी रफ्तार से आगे बढ़ा कि सामने ही खड़े 11 वर्षीय बड़े भाई सत्यम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद सत्यम के शरीर से भारी मात्रा में खून बहने लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन तुरंत लहूलुहान सत्यम को उठाकर इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल भागे। मगर, होनी को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद सत्यम को मृत घोषित कर दिया।

मासूम बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरा इलाका इस दर्दनाक घटना से गमगीन हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे के बाद गमगीन परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के मासूम के शव को लेकर अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश रवाना हो गए हैं। पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिसके कारण फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!