Edited By Vatika,Updated: 24 Jun, 2026 10:18 AM

बदमाशों ने न सिर्फ घर पर गोलियां चलाईं, बल्कि बाहर खड़ी फोर्ड फिगो कार पर ईंटें और गोलियां बरसाईं और..
लुधियाना, (राज): महानगर के थाना शिमलापुरी के अंतर्गत आते इलाके में बेखौफ अपराधियों और शरारती तत्वों द्वारा रिहायशी इलाके में सरेआम गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर के घर को निशाना बनाकर पहुंचे 4 अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की। बदमाशों ने न सिर्फ घर पर गोलियां चलाईं, बल्कि बाहर खड़ी फोर्ड फिगो कार पर ईंटें और गोलियां बरसाईं और वहां खड़ी एक अन्य जीप गाड़ी की भी बेरहमी से तोड़फोड़ की। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में गन-कल्चर का खौफ पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से खुली आंख, छत पर जाकर उड़े होश
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित मकान मालिक रमेश कुमार ने बताया कि वह गली नंबर-33, गुरु गोबिंद सिंह नगर, शिमलापुरी का रहने वाला है। वह पेशे से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और इसके साथ ही अपने घर के भीतर ही मशीनों की मरम्मत (रिपेयरिंग) का काम भी करता है। बीती 23 जून 2026 की रात को वह रोजाना की तरह अपने पूरे परिवार के साथ घर के अंदर सोया हुआ था। रात के सन्नाटे में अचानक घर के ठीक बाहर अंधाधुंध गोलियां चलने की तड़तड़ाहट और जोर-जोर से शीशे टूटने की आवाजें सुनाई दीं। गोलियों की आवाज सुनकर रमेश कुमार की आंख खुल गई और पूरा परिवार डर के मारे सहम गया। अपनी और परिवार की जान खतरे में देख रमेश तुरंत भागकर अपने घर की छत पर चढ़ गया और नीचे की तरफ झांक कर देखा।
घर के बाहर खड़े होकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, फोर्ड फिगो और जीप के उड़ाए परखच्चे
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने छत से नीचे देखा तो गली में 4 अज्ञात व्यक्ति खड़े थे। उन हमलावरों ने अपने हाथों में हथियार थामे हुए थे और वे सीधे उसके घर के मुख्य दरवाजे और खिड़कियों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे थे। बदमाशों ने लगभग 10 से 12 राउंड फायर किए, जिससे घर के शीशे चकनाचूर हो गए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी पीड़ित की फोर्ड फिगो कार पर भी सीधे गोलियां दागीं और भारी ईंट-पत्थरों से हमला कर कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही वहां खड़ी एक जीप गाड़ी की भी आरोपियों ने बेरहमी से तोड़फोड़ की। वारदात को अंजाम देने और इलाके में अपनी दहशत फैलाने के बाद आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गए। जब तक रमेश कुमार और परिवार के अन्य सदस्य नीचे आए, आरोपी भाग चुके थे।
थाना शिमलापुरी पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
0 इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही थाना शिमलापुरी की पुलिस टीम भारी बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चारों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट (Arms Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।